Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में हेमंत सोरेन के आवास और झारखंड भवन में ईडी की दबिश, रांची में कांग्रेस ने विधायकों को बुलाया, सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ी

January 29, 2024

दिल्ली में हेमंत सोरेन के आवास और झारखंड भवन में ईडी की दबिश, रांची में कांग्रेस ने विधायकों को बुलाया, सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ी

नई दिल्ली/रांची। ईडी ने सोमवार सुबह सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास और झारखंड भवन में दबिश दी है। सोरेन फिलहाल दिल्ली में ही हैं। वह 27 जनवरी की शाम करीब आठ बजे चार्टर्ड प्लेन से रांची से दिल्ली गए थे। खबर है कि उन्होंने वहां ईडी की कार्रवाई को लेकर अपने वकीलों और विधि- विशेषज्ञों से कानूनी परामर्श किया है।

ईडी की इस दस्तक की खबर के साथ ही रांची में सरकार और प्रशासन अलर्ट मोड में है। सीएम आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को रांची पहुंचने को कहा है। राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने अफसरों की आपात बैठक बुलाई है। रांची के एसएसपी ने भी सभी थानेदारों को तलब किया है।

गौरतलब है कि बीते 25 जनवरी को ईडी ने सोरेन को दसवीं बार समन भेजकर पूछा था कि वे 29 या 31 जनवरी के बीच कब पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे। एजेंसी ने सोरेन से यह भी कहा था कि समन पर अगर वे नहीं उपस्थित होते हैं तो उसकी टीम खुद उनके पास पहुंचेगी।

रांची के बड़गाईं अंचल में करीब 8.46 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी ने सोरेन से बीते 20 जनवरी को उनके आवास पर करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी इसी मामले में आगे कई और बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है।

बड़गाईं अंचल के जमीन घोटाले में ईडी आईएएस छवि रंजन सहित डेढ़ दर्जन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में ईडी ने सोरेन को सबसे पहला समन भेजकर 14 अगस्त, 2023 को उपस्थित होने को कहा था। सोरेन ने इसपर लिखित जवाब दिया और समन को गैरकानूनी बताते हुए उपस्थित नहीं हुए थे।

एजेंसी ने इसके बाद भी उन्हें समन भेजना जारी रखा। सोरेन ईडी के समन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी गए, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।

आखिरकार ईडी के आठवें समन पर उन्होंने बीते 20 जनवरी को पूछताछ के लिए उपलब्ध होने पर सहमति जताई थी और तब एजेंसी की टीम ने उनके आवास पहुंचकर पूछताछ की थी।

इस बीच दूसरी तरफ राजधानी रांची में सीएम आवास समेत कई अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जगह जगह अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें