Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal में बर्फबारी और बारिश, 4 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 473 सड़कें हुई बंद

February 6, 2024

Himachal में बर्फबारी और बारिश, 4 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 473 सड़कें हुई बंद

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी और बारिश के चलते मंगलवार को चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 470 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। राज्य आपात परिचालन केंद्र के मुताबिक, 473 सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई और 398 ट्रांसफार्मर तथा 38 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हुई हैं। मौसम विभाग ने कहा कि हिमाचल में जनवरी का मौसम पिछले 17 वर्षों में सबसे शुष्क रहा क्योंकि राज्य में सामान्य बारिश 85.3 मिलीमीटर (मिमी) के मुकाबले 6.8 मिमी बारिश हुई, जो 92 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। जनवरी 1996 में 99.6 प्रतिशत और 2007 में 98.5 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी।

कुल मिलाकर, लाहौल एवं स्पीति में 153 सड़कें, शिमला में 134, कुल्लू में 68, चंबा में 61, मंडी में 46, सिरमौर में आठ, किन्नौर में दो और कांगड़ा में एक सड़क बंद हो गई है। मौसम कार्यालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में खदराला में चार सेंटीमीटर (सेमी), भरमौर में तीन सेमी, कुफरी में दो सेमी, गोंडला में 1.3 सेमी और सांगला में 0.5 सेमी बर्फबारी हुई जबकि कल्पा, कुकुमसेरी, नारकंडा और केलोंग में मामूली बर्फबारी देखने को मिली।

शिमला होटल एंड टूरिज्म स्टेकहोल्डर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एम के सेठ ने फरवरी में पर्यटकों की अच्छी संख्या की उम्मीद जताते हुए कहा कि बर्फबारी के कारण शिमला में पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है और पिछले सप्ताहांत में पर्यटन प्रेमियों की संख्या में 30 से 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विभाग ने अगले छह दिन यानी 12 फरवरी तक राज्य में शुष्क मौसम की संभावना जताई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें