Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली की अदालत ने जम्मू-कश्मीर पुलिस को एलईटी सदस्य की ट्रांजिट रिमांड की प्रदान

February 6, 2024

नयी दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस को लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) मॉड्यूल के एक कथित सदस्य की ट्रांजिट रिमांड प्रदान की।

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के रहने वाले सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी रियाज अहमद राठेर को दिल्ली पुलिस ने रविवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। राठेर ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से हथियार और गोला-बारूद प्राप्त करने में कथित तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी।

अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अनुज कुमार सिंह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के आवेदन पर रियाज की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली, जिसमें दावा किया गया था कि मामले में जांच के लिए उसे केंद्रशासित प्रदेश ले जाना आवश्यक है।

पुलिस ने दावा किया कि आरोपी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा मॉड्यूल का सदस्य है और उसका जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार अन्य आरोपियों से सामना कराना जरूरी है।

पुलिस ने कहा कि 31 जनवरी, 2023 को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त रियाज अन्य लोगों के साथ, एलओसी के पार से हथियार और गोला-बारूद प्राप्त करने की साजिश में शामिल था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें