Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

दक्षिणी फिलीपींस में हुआ भूस्खलन, 6 लोगों की मौत, 46 लापता

February 7, 2024

दक्षिणी फिलीपींस में हुआ भूस्खलन, 6 लोगों की मौत, 46 लापता

मनीलाः दक्षिणी फिलीपीन में सोने की खदान वाले एक गांव में भूस्खलन होने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 46 अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी हैं। अधिकारियों के मुताबिक लापता होने वाले लोगों में सोने की खदान में काम करने वाले मजदूर भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि सेना के जवानों, पुलिस और स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से मिलकर मंगलवार रात डवाओ डी ओरो प्रांत के सुदूर शहर मैको के पहाड़ी गांव मसारा में भूस्खलन की चपेट में आने से घायल हुए 31 ग्रामीणों को वहां से निकाला।

अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने अधिक भूस्खलन की आशंका के कारण एक रात पहले तलाशी अभियान स्थगित करने के बाद बुधवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया। आपदा प्रतिक्रिया बल के अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन के बाद से 750 से अधिक परिवारों को राहत केंद्रों में ले जाया गया है। डवाओ डी ओरो प्रांत के प्रवक्ता एडवर्ड मकापीली ने कहा कि लापता लोगों में 27 खनिक भी शामिल थे, जो दो बसों में सवार थे और अपने घर जाने का इंतजार कर रहे थे।

एडवर्ड मकापीली ने कहा कि इंतजार कर रहे लोगों में से 8 खनिक बस की खिड़कियों से कूद गए या दूर जा गिरे और बच गए। भूस्खलन के समय तीसरी बस रवाना हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि हाल के सप्ताहों में क्षेत्र में रुक-रुककर होने वाली मूसलाधार बारिश कम हो गई है और पिछले तीन दिनों से मौसम साफ बना हुआ था। एडवर्ड मकापीली ने कहा, कि ‘यह सब इतना जल्दी हो गया। उन्होंने अचानक भूस्खलन के चलते मलबे को अपनी ओर गिरते देखा।’’

क्षेत्रीय सैन्य प्रवक्ता कर्नल रोजा रोसेटे-मैनुअल ने टेलीफोन पर बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन पीड़ितों को हेलीकॉप्टर से निकाला जाएगा। आपदा प्रतिक्रिया विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाल के हफ्तों में बाढ़ और भूस्खलन संबंधी घटनाओं के कारण एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों की मौत हो गई है जबकि हाल के महीनों में आए कई भूकंप से दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें