Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

2 कारों की टक्कर में 2 सगे भाइयों की हुई मौत, 3 घायल

February 12, 2024

2 कारों की टक्कर में 2 सगे भाइयों की हुई मौत, 3 घायल

भूना: हिसार रोड पर गौशाला के निकट जांडली माइनर पुल पर सैंट्रो व स्विफ्ट कार की आमने-सामने की टक्कर में 2 सगे भाइयों की मौके पर मौत हो गई तथा 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर सीएचसी केंद्र भूना में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 2 सगे भाइयों को मृत घोषित कर दिया तथा 3 लोगों को गंभीर हालत के चलते अग्रोहा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के भतीजे कुलेरी निवासी सुरेंद्र के बयान पर इतफाकिया कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार कुलेरी निवासी 53 वर्षीय छोटू राम सहारण पुत्र गिरधारी लाल की तबीयत बिगड़ जाने के कारण उसका छोटा भाई 55 वर्षीय अमर सिंह सहारण स्विफ्ट कार को किराए पर लेकर भूना आ रहा था। स्विफ्ट कार को कुलेरी निवासी दारा सिंह पुत्र मोहनलाल चल रहा था। परंतु कार जैसे ही तेज रफ्तार में गौशाला के निकट जांडली माइनर के पुल पर पहुंची तो सामने से आ रही सैंट्रो कार के साथ टकरा गई, जिससे कार चालक का संतुलन बिगड़ गया।

स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क के साथ गहरे खड्डों में पत्थरों से टकराती हुई पलट गई, जबकि सैंट्रो कार का अगला टायर निकल कर दूर जा गिरा। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने स्विफ्ट कार में फंसे हुए पांच लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी केंद्र में पहुंचाया, जहां पर अमर सिंह व छोटू राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि कार चालक दारा सिंह, ईश्वर सिंह तथा कपूर सिंह की हालत गंभीर होने के कारण अग्रोहा रैफर कर दिया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामपाल लोहचब ने बताया कि मृतक अमर सिंह व छोटू राम के भतीजे सुरेंद्र के बयान पर पुलिस ने फिलहाल इतफाकिया कार्रवाई की है। हादसे को लेकर पुलिस हर पहलुओं की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें