Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Congress ने की राज्यसभा के लिए 4 नामों की घोषणा, Sonia Gandhi राजस्थान और Abhishek Manu Singhvi होंगे हिमाचल से उम्मीदवार

February 14, 2024

Congress ने की राज्यसभा के लिए 4 नामों की घोषणा, Sonia Gandhi राजस्थान और Abhishek Manu Singhvi होंगे हिमाचल से उम्मीदवार

जयपुरः कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। हिमाचल प्रदेश से अभिषेक मनु सिंघवी, बिहार से अखिलेश प्रसाद सिंह और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे को कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को राजस्थान से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। राज्यसभा के उम्मीदवारों की एक सूची कांग्रेस ने बुधवार को जारी की है।

सोनिया गांधी बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ यहां पहुंचीं। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी एयरपोर्ट पर नजर आए। सोनिया गांधी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जगह लेंगी, जो राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। पार्टी नेताओं ने अपने सभी विधायकों को बुधवार और गुरुवार को जयपुर में मौजूद रहने को कहा है। उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को राजस्थान से राज्यसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा गया था। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने अलग-अलग प्रस्ताव भेजे थे।

सोनिया गांधी को राजस्थान से राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव तैयार करने से पहले प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की हैं। बताया जा रहा है कि दोनों प्रस्ताव विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की राय लेने के बाद रविवार को भेजे गए।राजस्थान कांग्रेस के नेताओं का तर्क है कि सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा जाने से यहां के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। राजस्थान में 3 राज्यसभा सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव होने हैं। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है।

अशोक गहलोत ने राजस्थान से राज्यसभा नामांकन दाखिल करने की सोनिया की घोषणा का किया स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी द्वारा राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की घोषणा का स्वागत किया है। गहलोत ने कहा, ’हम प्रधानमंत्री पद का त्याग करने वाली आदरणीय श्रीमती सोनिया गांधी जी को कांग्रेस पार्टी की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित करने का हृदय से स्वागत करते हैं। ‘श्रीमती सोनिया गांधी राजस्थान से दिल से जुड़ी हुई हैं। जब श्री राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने तो सोनिया जी उनके साथ आदिवासी बहुल जिलों के दौरे पर गईं। राजस्थान में अकाल के दौरान, राजीव जी प्रधानमंत्री के रूप में तीन दिन तक खुद गाड़ी चलाकर नौ अकाल प्रभावित जिलों के दौरे पर गए जिसे राजस्थान अभी भी नहीं भूला है।

‘‘यूपीए सरकार के दौरान, एनएसी अध्यक्ष के रूप में, सोनिया जी ने हमेशा राज्य में रिफाइनरी, मेट्रो जैसी बड़ी परियोजनाओं को लाने में राजस्थान के हितों की रक्षा की पुरजोर वकालत की और केंद्र से सहयोग सुनिश्चित किया। ‘आज राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में उनकी घोषणा पूरे राज्य के लिए खुशी की बात है और इस घोषणा के साथ सभी पुरानी यादें ताजा हो गईं।‘ इससे पहले, कांग्रेस नेता राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार पर चुप्पी साधे हुए थे। हालांकि, गहलोत के आधिकारिक बयान से यह स्पष्ट हो गया कि सोनिया राज्य से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें