Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rishabh Pant ने अभ्यास मैच में लिया हिस्सा, IPL में वापसी को तैयार

February 21, 2024

Rishabh Pant ने अभ्यास मैच में लिया हिस्सा, IPL में वापसी को तैयार

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कर्नाटक के अलूर में अपनी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स द्वारा आयोजित अभ्यास मैच में हिस्सा लेने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में वापसी की राह पर हैं। पंत दिसंबर 2022 में भीषण कार दुर्घटना गंभीर रूप से चोटिल हुए थे। इसके कारण उन्हें लिगामेंट की सजर्री करानी पड़ी थी।

वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन (चोट से उबरने की प्रक्रिया) कर रहे हैं और मार्च के आखिरी सप्ताह के आस-पास शुरू होने वाले आईपीएल की शुरुआत से पहले मैच फिटनेस हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस वामहस्त बल्लेबाज ने पिछले साल भी एक प्रदर्शनी मैच में भाग लिया था।

एनसीए के एक सूत्र ने बेंगलुरु के पास अलूर में ‘इंट्रा-स्क्वाड’ मैच का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैच मूल रूप से उनकी शारीरिक फिटनेस के आकलन के लिए था। वह कुछ समय से नेट सत्र में बल्लेबाजी कर रहे थे और अभ्यास मैच में खेलना इसके अगले चरण की तरह है।’’ इससे पहले इस महीने की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोटिंग ने कहा था कि पंत आईपीएल के आगामी सत्र में वापसी करने को लेकर आश्वस्त हैं। पंत अगर विकेट के पीछे अपनी की भूमिका निभाने में सक्षम नहीं हुए तो वह बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं या आगामी आईपीएल में उनका इस्तेमाल ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में हो सकता है।

पोटिंग ने मेलबर्न में एक कार्यक्रम में कहा था, ‘‘ऋषभ को पूरा भरोसा है कि वह मैच खेलने के लिए फिट होंगे। वह टीम में किस क्षमता में रहेंगे इसे लेकर हम अभी पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है।’’ पोटिंग ने कहा, ‘‘आपने सोशल-मीडिया पर उनसे जुड़ी चीजें देखी होगी, वह सक्रिय है और अच्छी तरह से चल-दौड़ रहा है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम बस यही उम्मीद कर सकते है कि वह खेलने के लिए उपलब्ध रहे।

हो सकता है कि वह सभी मैच ना खेले लेकिन अगर वह 14 लीग मैचों में से 10 मैच भी खेलता है तो यह टीम के लिए बोनस की तरह होगा।’’ पोटिंग ने कहा, ‘‘ मैं गारंटी देता हूं कि अगर मैंने अभी उससे खेलने के बारे में पूछा तो वह कहेगा, ‘मैं हर मैच खेलने के लिए तैयार हू’, मैं हर मैच में कीपिंग और चौथे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हूं।’

हम हालांकि अभी इस मामले में और इंतजार करना चाहेंगे।’’ उन्होंने कहा,‘‘ वह कमाल का खिलाड़ी है। वह स्पष्ट रूप से हमारा कप्तान है। हमें पिछले साल उसकी कमी बहुत अधिक खली थी। आप अगर उसके पिछले 12-13 महीने की यात्र को देखेंगे तो उसने काफी मेहनत की है। क्रिकेट खेलना तो दूर वह खुद को भाग्यशाली समझता है कि वह जीवित बच गया।’’ पंत अगर फिटनेस हासिल करने में सफल रहे तो दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में डेविड वॉर्नर ने पिछले सत्र में टीम का नेतृत्व किया था। छब्बीस साल के पंत ने भारत के लिए 33 टेस्ट, 30 एकदिवसीय और 66 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें