Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2024 इस तारीख से होगा शुरू, चेयरमैन अरुण धूमल ने किया खुलासा

February 21, 2024

IPL 2024 इस तारीख से होगा शुरू, चेयरमैन अरुण धूमल ने किया खुलासा

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आगामी चरण 22 मार्च से शुरू होगा और लोकसभा चुनावों के बावजूद इसका आयोजन पूरी तरह से देश में ही होगा। आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को यह जानकारी दी। आम चुनाव के अप्रैल और मई में होने की संभावना है और यही कारण है कि आईपीएल के 17वें सत्र का कार्यक्रम अभी तक जारी नहीं किया गया है।

धूमल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि शुरुआत में इस लीग के केवल पहले 15 दिनों के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। बाकी मैचों के कार्यक्रम की घोषणा आम चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद होगी। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा अगले महीने की शुरुआत में होने की संभावना है।

धूमल ने कहा, ‘‘हम टूर्नामेंट को 22 मार्च से शुरू करने की योजना बना रहे हैं। हम सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम सबसे पहले शुरुआती कार्यक्रम जारी करेंगे। पूरा टूर्नामेंट भारत में आयोजित किया जाएगा।’’ इससे पहले 2009 में आम चुनावों के दौरान आईपीएल के पूरे सत्र का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में हुआ था जबकि 2014 में इसके कुछ मैचों का आयोजन यूएई में हुआ था।

इसके बाद 2019 के आम चुनावों के दौरान इस लीग का आयोजन पूरी तरह से देश में ही हुआ था। जून में होने वाले टी20 विश्व कप के मद्देनजर आईपीएल के फाइनल का आयोजन 26 मई को हो सकता है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में पांच जून को न्यूयॉर्क में आयरलैंड के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। इस टूर्नामेंट का आगाज एक जून को अमेरिका और कनाडा के मैच के साथ होगा।

आमतौर पर आईपीएल का उद्घाटन मैच पिछले साल के विजेता और उपविजेता के बीच होता है। ऐसे में इसका शुरुआती मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जाने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें