Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिल्डर कंपनी के तीन निदेशकों के खिलाफ ठगी के आरोप में मामला दर्ज

February 23, 2024

बिल्डर कंपनी के तीन निदेशकों के खिलाफ ठगी के आरोप में मामला दर्ज

नोएडा। गौतम बुद्ध नगर जिले के बिसरख थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से 25 लाख रुपए ठगने के आरोप में एक बिल्डर कंपनी के तीन निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि राजीव सिंह नाम के व्यक्ति ने बृहस्पतिवार रात को दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि उसने एक बिल्डर कंपनी के निदेशकों कमल दत्ता, करण दत्ता तथा दीक्षा नरूला पर भरोसा कर एक फ्लैट बुक कराया था। पीड़ित का आरोप है कि कंपनी के निदेशकों ने फ्लैट बुक कराने के लिए उससे 25 लाख रुपए ले लिए लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट किसी और कंपनी को हस्तांतरित किया जा रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि सिंह को बाद में पता चला कि उसने जो फ्लैट बुक कराया था, उसे किसी और व्यक्ति को बेच दिया गया है। शिकायत के अनुसार, जब सिंह ने आरोपियों से उसका धन लौटाने या फ्लैट देने को कहा तो उन्होंने उसके साथ बदसलूकी की और उसकी रकम हड़प ली। कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कमल दत्ता, करण दत्ता, तथा दीक्षा नरूला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें