Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना, कहा- जो खुद ‘होश’ में नहीं हैं, वे युवाओं को कह रहे हैं ‘नशेड़ी’

February 23, 2024

PM Modi ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना, कहा- जो खुद ‘होश’ में नहीं हैं, वे युवाओं को कह रहे हैं ‘नशेड़ी’

वाराणसीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग खुद होश में नहीं हैं, वे युवाओं को नशेड़ी कह रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के करखियाव अमूल प्लांट परिसर में 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की 35 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता गांधी का नाम लिए बिना कहा, कि कांग्रेस के शाही परिवार के युवराज का कहना है, जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे, युवराज काशी की धरती पर आकर कह रहे हैं कि काशी के नौजवान, उत्तर प्रदेश के नौजवान नशेड़ी हैं। यह कैसी भाषा है भाई।

राहुल गांधी ने हाल में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वाराणसी में कहा था कि उन्होंने कुछ युवाओं को नशे में धुत्त होकर सड़कों पर लेटे हुए और रात में नाचते हुए देखा था तथा उत्तर प्रदेश का भविष्य (युवा) नशे में है। प्रधानमंत्री ने कहा, कि मोदी को गाली देते-देते इन्होंने दो दशक बिता लिए, लेकिन अब ईश्वर रूपी जनता जनार्दन, उत्तर प्रदेश के नौजवानों पर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं वो उत्तर प्रदेश के, मेरे काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं। चेतावनी भरे लहजे में मोदी ने कहा, कि अरे घोर परिवारवादियों, काशी का नौजवान तो उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने में जुटा है, अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है। ‘इंडी’ गठबंधन द्वारा उत्तर प्रदेश के नौजवानों का अपमान कोई नहीं भूलेगा।

वह ‘इंडी’ गठबंधन से विपक्षी दलों के गठजोड़ ‘इंडिया’ का हवाला दे रहे थे। पीएम मोदी ने कहा, कि घोर परिवारवादियों की यही असलियत होती है। हमेशा परिवारवादी युवा शक्ति से डरते हैं। युवा प्रतिभाओं से डरते हैं। उनको लगता है कि सामान्य युवा को अवसर मिला तो वह हर जगह चुनौती देगा। इनको वही लोग पसंद आते हैं जो उनकी दिन रात जयजयकार करते रहें। मोदी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा, कि किसान व पशुपालक हमेशा से भाजपा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहा है। हमने गन्ने का मूल्य बढ़ाया है।

उन्होंने कहा, कि हमारी सरकार अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने के साथ ही अब अन्नदाता को उर्वरक दाता बनाने पर भी काम कर रही है। हम पशुपालकों को दूध के अलावा गोबर से भी कमाई के अवसर दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने वाराणसी के करखियाव अमूल प्लांट परिसर में 35 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन परियोजनाओं में कई सड़कें, रसोई गैस बॉटलिंग संयंत्र, दूध प्रसंस्करण इकाई और बुनकरों के लिए रेशम कपड़े की छपाई का सामान्य सुविधा केंद्र शामिल है।

वाराणसी के कपड़ा क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की आधारशिला रखी। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में एक नए मेडिकल कॉलेज और ‘नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग’ की नींव भी रखी। करखियांव में इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी खुली जीप में सवार होकर पहुंचे, उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। जैसे ही प्रधानमंत्री को ले जा रहा वाहन धीरे-धीरे निर्धारित मंच की ओर आगे बढ़ा, दोनों तरफ एकत्र लोगों ने फूल बरसाए और हाथ हिलाए। प्रधानमंत्री ने भी भीड़ की ओर देखते हुए हाथ हिलाया और भीड़ की ओर हाथ जोड़े, जबकि योगी आदित्यनाथ हाथ जोड़कर खड़े रहे। इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने संत रविदास की एक भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और संत रविदास की 647वीं जयंती समारोह में भाग लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें