Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs ENG 4th Test : नहीं चला ‘बैजबॉल’, रांची टेस्ट में भारत की जीत, रोहित और गिल ने जड़े अर्धशतक

February 26, 2024

IND vs ENG 4th Test : नहीं चला ‘बैजबॉल’, रांची टेस्ट में भारत की जीत, रोहित और गिल ने जड़े अर्धशतक

रांची। अपनी सरजमीं पर बादशाहत एक बार फिर साबित करते हुए भारतीय टीम ने ‘बैजबॉल’ को बेअसर साबित कर दिया और चौथे क्रिकेट टेस्ट में इंग्लैंड को चौथे ही दिन पांच विकेट से हराकर अपनी मेजबानी में लगातार 17वीं श्रृंखला जीत ली। जीत के लिये 192 रन के लक्ष्य़ का पीछा करते हुए भारत ने कल के स्कोर बिना किसी नुकसान के 40 रन से आगे खेलना शुरू किया था। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (44 गेंद में 37 रन) और कप्तान रोहित शर्मा (81 गेंद में 55 रन) ने पहले विकेट के लिये 84 रन जोड़े । दोनों के विकेट गिरने के बाद रजत पाटीदार और रविंद्र जडेजा भी सस्ते में आउट हो गए लेकिन शुभमन गिल (नाबाद 52) और ध्रुव जुरेल (नाबाद 39) ने 72 रन की साझेदारी करके टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत ने श्रृंखला में 3 . 1 की विजयी बढत बना ली जबकि पांचवां और आखिरी मैच सात मार्च से धर्मशाला में खेला जायेगा । भारतीय टीम अपनी धरती पर आखिरी बार 2012 . 13 में एलेस्टेयर कुक की अगुवाई वाली इंग्लैंड टीम से हारी थी । उसके बाद से अपनी मेजबानी में भारत ने 50 में से 39 टेस्ट जीते हैं।

इस जीत के साथ ही भारत ने इंग्लैंड की आक्रामक खेल की ‘बैजबॉल’ शैली को भी नाकाम साबित कर दिया। पिछले दो साल से इंग्लैंड की जीत का मंत्र साबित हुई इस शैली की अब काफी आलोचना हो रही है। ब्रेंडन मैकुलम के कोच और बेन स्टोक्स के कप्तान बनने के बाद से हर हालात में आक्रामक खेल की इंग्लैंड की रणनीति को ‘बैजबॉल’ कहा जाता है। भारत ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें