नई दिल्ली: पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश के खेल सचिव सुहास एल वाई ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने केसाथ ही वर्ल्ड चैंपियन होने का गौरव हासिल किया है। थाईलैंड के पटाया में खेले गये फाइनल मुकाबले में विश्व में दूसरी वरीयता प्राप्त फ्रेडी सेतियावान को 21-18,21-18 से हराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैडमिंटन खिलाड़ी को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी है। उन्होने एक्स पर पोस्ट किया “ पटाया, थाईलैंड में बीडब्लूएफ विश्व चैंपियनशिप 2024 में विश्व चैंपियन बनने पर सुहास एल वाई को बधाई। फाइनल में आपकी जीत समर्पण और उत्कृष्टता का एक शानदार उदाहरण है। आपके भविष्य के सभी प्रयासों में अद्वितीय सफलता की कामना करता हूं। हम सभी को गर्व है।”
सुहास यतिराज देश की ब्यूरोकेसी में पैरा गेम्स में सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले आईएएस ऑफिसर हैं। पहले भी उन्होंने खेल की दुनिया में भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है। सुहास एलवाई उत्तर प्रदेश कैडर में वर्ष 2007 बैच के आईएएस अफसर हैं। मूल रूप से कर्नाटक में शिमोगा जिले के रहने वाले हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने सुहास एलवाई को तीन मार्च 2020 को गौतमबुद्ध नगर का जिलाधिकारी बनाकर भेजा था। सुहास एलवाई महाराजगंज, सोनभद्र, हाथरस, प्रयागराज, जौनपुर और आजमगढ़ के जिलाधिकारी रह चुके हैं। फरवरी 2023 में उनको खेलकूद विभाग का सचिव नियुक्त किया गया था।