Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

उप्र, बिहार, झारखंड,हिमाचल, उत्तराखंड में एनएच हाईवे के लिए 4,751.09 करोड़ मंज़ूर

February 29, 2024

उप्र, बिहार, झारखंड,हिमाचल, उत्तराखंड में एनएच हाईवे के लिए 4,751.09 करोड़ मंज़ूर

नयी दिल्ली: केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश तथा झारखंड में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण के लिए 4751.09 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी देते हुए बताया इन सभी राज्यों में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों की लेने को बढ़ाने तथा अन्य कार्यों के लिए यह स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए के जौनपुर-अकबरपुर खंड पर 29 किलोमीटर लंबाई वाले 4-लेन जौनपुर बाईपास,पैकेज-1 के निर्माण के लिए 1894.76 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के बिजनौर से उत्तराखंड के पौडी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-119 पर छह किमी लंबे 4-लेन कोटद्वार बाईपास के निर्माण के वास्ते 691.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

उन्होंने बताया कि बिहार के सारण जिले में 481.86 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग -19 के मौजूदा छपरा बाईपास खंड को तीन अतिरिक्त लेन के चौड़ीकरण की स्वीकृत दी गई है, जबकि झारखंड में 438.34 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-114 पर गिरिडीह शहर के चारों ओर पक्की ढाल वाली 2-लेन बाईपास सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

गडकरी बताया कि हिमाचल प्रदेश के सोलन तथा बिलासपुर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग- 205 पर कलार बाला गांव से नौनी चौक तक मौजूदा सड़क को पेव्ड शोल्डर के साथ 4- लेन में अपग्रेड करने के लिए 1244.43 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें