
नई दिल्ली। दिल्ली के जगतपुरी इलाके में पिटबुल कुत्ते के हमले में सात साल की एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात 8:47 बजे जगतपुरी पुलिस स्टेशन में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को एक कॉल प्राप्त हुई। इसमें महिला कॉलर ने कहा कि उसकी सात वर्षीय बेटी को उसके पड़ोसी के पिटबुल कुत्ते ने काट लिया और घसीटा। पीसीआर कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘बच्ची अपनी मां के साथ गली नंबर 2, जगतपुरी स्थित अपने घर पर थी। कुत्ते के काटने से वह जख्मी हो गई है।‘ अधिकारी ने कहा, ‘ बच्ची की मां ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे के आसपास हुई। इसके बाद उसने एक स्थानीय डॉक्टर से अपनी बेटी का इलाज कराया।‘ इसके बाद, पीड़िता और उसकी मां को मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) तैयार करने के लिए हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया।अधिकारी ने कहा, ‘कुत्ते के मालिक की पहचान शिवानंद भास्कर के रूप में की गई है और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।‘