मुल्लांपुर दाखा: थाना दाखा की पुलिस ने कैनेडियन महिला के पति के मोबाइल फोन पर उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भेजने के आरोप में कनाडियन व्यक्ति खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी इंस्पैक्टर जसवीर सिंह अनुसार शिकायतकत्र्ता महिला ने पुलिस के पास दर्ज करवाए बयानों में बताया है कि वर्ष 1997 में उसका विवाह गांव देतवाल में हुआ था और वर्ष 2007 में वह परिवार सहित कनाडा चली गई। अब वह कनाडा की पी.आर. है तथा ब्रम्पटन में रह रही है। उसने बताया कि भूपिंदर सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह गांव निवासी कैलपुर थाना दाखा जिला लुधियाना के परिवार से उसके ससुर परिवार के साथ पारिवारिक संबंध होने के कारण उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना था।
भूपिंदर सिंह भी अपने परिवार सहित कनाडा में उनके घर से थोड़ी दूरी पर रह रहा है। महिला के अनुसार भूपिंदर सिंह करीब तीन-चार वर्ष से उसे काफी परेशान कर रहा था, जिसके बारे उसने अपने पति को भी बताया। फिर उसके पति ने भूपिंदर सिंह को घर आने से रोक दिया। अब वह 20 फरवरी को अपने पति सहित कनाडा से भारत आई हुई है और भूपिंदर सिंह भी कनाडा से भारत आया हुआ है, जिसने 1 मार्च को उसके पति के मोबाइल फोन पर अपने मोबाइल फोन से कॉल करके कहा कि मेरी बात अपनी पत्नी से करवा दे, तब उसके पति ने कहा कि जो बात करनी है तुम मेरे साथ कर लो।
फिर भूपिंदर सिंह ने उसके पति के व्हाट्सएप्प नंबर पर उसकी अश्लील फोटो और अश्लील वीडियो भेज दी और धमकी दी कि अगर तूने अपनी पत्नी की बात मेरे साथ न करवाई तो वह यह वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा, जिस कारण वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे। थाना दाखा कि पुलिस ने बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए भूपिंदर सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह गांव निवासी कैलपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।