Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

केजरीवाल ने उपराज्यपाल पर विपक्ष की भूमिका निभाने का लगाया आरोप

March 5, 2024

केजरीवाल ने उपराज्यपाल पर विपक्ष की भूमिका निभाने का लगाया आरोप

नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर विपक्ष की भूमिका निभाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि वह सात दिन के अंदर सभी इलाक़ों की कमियों को दूर करने के लिए मुख्य सचिव को आदेश देते हैं।

केजरीवाल ने आज ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं आपका शुक्रगुज़ार हूँ कि आपने हमारी कमियां बतायीं। इसके पहले आपने किराड़ी और बुराडी की कमियों को भी उजागर किया था। मैं अभी मुख्य सचिव को आदेश दे रहा हूँ कि वह सात दिन के अंदर इन सभी इलाक़ों की इन सभी कमियों को दूर करे।”

उन्होंने कहा, “जो काम आप कर रहे हैं, वह काम विपक्ष को करना चाहिए था। सत्ता पक्ष की कमियां निकालना विपक्ष का काम है। दुर्भाग्यवश, आज विपक्ष यानी भाजपा के सातों सांसद राजनीति से सन्यास लेने में व्यस्त हैं और आठों विधायक गहरी निद्रा में सोये हैं। यही कारण है कि दिल्ली की सत्ता पिछले 26 साल से भाजपा से दूर है। इसलिए, मज़बूरीवश, उपराज्यपाल के संवैधानिक पद पर होते हुए भी विपक्ष की भूमिका आपको निभानी पड़ रही है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “जो कमियां आपने बतायी हैं – जिन अधिकारियों को यह काम करना था और उन्होंने नहीं किया, उनके ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए। “सेवा” और “सतर्कता” आपके अधिकार क्षेत्र में आता है। अगर ये मेरे अन्तर्गत होता तो मैं ना केवल ऐसे लापरवाह अफ़सरों को तुरंत निलंबित करता बल्कि उनके ख़िलाफ़ ऐसी कार्रवाई करता कि फिर कोई अधिकारी ऐसी कोताही करने की हिम्मत ना करता। मैं उम्मीद करता हूँ कि आप इन विभागों के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत निलंबित करेंगे और उन्हें सज़ा देंगे। दो करोड़ दिल्लीवासी आपके एक्शन का इंतज़ार करेंगे।”

उल्लेखनीय है कि उपराज्यपाल ने आज एक्स पर लिखा, “स्थानीय निवासियों के अनुरोध पर कल संगम विहार गया था। नौ साल के शिगूफों के बावजूद इलाके में रह रहे 20 लाख से ज्यादा लोग मूलभूत जनसुविधाओं से वंचित, नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। न सड़कें हैं, न सीवर, न कूड़े की सफाई।”

सक्सेना ने कहा, “बेतरतीब लटकते बिजली के तारें खतरनाक हैं और उबड़-खाबड़ सड़क पर मेरे सामने ही रिक्शा पलटा और एक महिला घायल हुई।उफनती नालियां, कचरे के ढेर और सीवर के बदबूदार पानी से भरी गलियां, भारत की राजधानी में होंगी, देश इसकी कल्पना नहीं कर सकता।”

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री केजरीवाल से अनुरोध है कि दिल्ली और दिल्ली की आम जनता की समस्याओं की तरफ ध्यान दें। आपकी जानकारी के लिये कुछ तस्वीरें संलग्न कर रहा हूं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें