Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश के बुनियादी ढांचे के विकास में Congress ने निभाई अहम भूमिका, लेकिन BJP ले रही इसका श्रेय : Mallikarjun Kharge

March 9, 2024

देश के बुनियादी ढांचे के विकास में Congress ने निभाई अहम भूमिका, लेकिन BJP ले रही इसका श्रेय : Mallikarjun Kharge

मुंबईः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि देश के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में उनकी पार्टी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर तभी मजबूत हो सकती है जब इसे मुंबई में मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी की शहर इकाई के पास संगठन के पुर्निनर्माण का एक बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय सम्मेलन का वीडियो लिंक के माध्यम से उद्घाटन करने के बाद कहा, कि ‘कांग्रेस को मजबूत करना मुंबई में प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मुंबई और कांग्रेस का पुराना रिश्ता है क्योंकि पार्टी की स्थापना 28 दिसंबर, 1885 को यहीं हुई थी। रोजगार गारंटी योजना (ईजीएस) जैसे कई निर्णयों को कानून के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनाए जाने से पहले कांग्रेस ने इनकी कल्पना राज्य में ही की थी।’’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कि ‘यदि आप इतिहास भूल गए तो आप भविष्य में कुछ नहीं कर सकते। नयी पीढ़ी को यह बताना कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि उसने देश के लिए क्या किया है।’’ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान मुंबई में शुरू की गई विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी ने बुनियादी ढांचे एवं दूरसंचार क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में देश की प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश की प्रगति का श्रेय लेने की कोशिश के लिए भाजपा की आलोचना की हैं।

उन्होंने कहा, कि ‘भाजपा कांग्रेस और गांधी परिवार को केवल अपशब्द कहने का काम कर सकती है। इस परिवार का कोई भी सदस्य 1989 के बाद से मंत्री, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में नहीं रहा है।’’ कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि बेरोजगारी देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोचते हैं कि वह समृद्धि लाए हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की पूर्व सरकार के दौरान गठित स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ने के लिए कहा हैं। उन्होंने कहा कि एसएचजी के सूक्ष्म आर्थिक प्रबंधन ने महिलाओं को समृद्ध बनाने में मदद की है। उन्होंने कहा, कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा लोगों को न्याय दिलाएगी और अगर आप इसे नजरअंदाज करेंगे तो आप बहुत बड़ी गलती करेंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें