Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

अदालत ने ED अधिकारी पर हमला मामले में शाहजहां शेख की CBI हिरासत चार दिन बढ़ाई

March 10, 2024

अदालत ने ED अधिकारी पर हमला मामले में शाहजहां शेख की CBI हिरासत चार दिन बढ़ाई

बशीरहाट (पश्चिम बंगाल)। यहां की एक अदालत ने संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर भीड़ के हमले के मुख्य आरोपी शाहजहां शेख की सीबीआई हिरासत रविवार को और चार दिनों के लिए बढ़ा दी। अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर यह आदेश जारी किया। कलकत्ता उच्च न्यायालय के एक आदेश पर मामले की जांच सीबीआई को हस्तांतरित किये जाने के साथ छह मार्च को उसे शेख की हिरासत सौंपी गई थी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों पर उस वक्त हमला किया गया था, जब वे शेख के संदेशखालि स्थित परिसर में छापा मारने पहुंचे थे। शेख को तृणमूल कांग्रेस (TMC) से अब निलंबित कर दिया गया है।

उत्तर 24 परगना जिले में बशीरहाट की अदालत के न्यायाधीश ने शेख की सीबीआई हिरासत चार दिनों के लिए बढ़ा दी। अदालत ने निर्देश दिया कि शेख को 14 मार्च को फिर से अदालत के समक्ष पेश किया जाए। शेख को कोलकाता से करीब 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बशीरहाट की अदालत में पेश किया गया। टीएमसी के निलंबित नेता को कोलकाता में सीबीआई की हिरासत में रखा गया है।

ईडी के अधिकारियों पर लगभग 1,000 लोगों की भीड़ ने उस वक्त हमला कर दिया था, जब वे कथित राशन वितरण घोटाला मामले में एजेंसी की जांच के सिलसिले में 5 जनवरी को संदेशखालि में शेख के परिसर की तलाशी लेने गए थे। घोटाले के सिलसिले में राज्य के एक पूर्व मंत्री को गिरफ्तार किया गया है। शेख को राज्य की पुलिस ने 29 फरवरी को गिरफ्तार किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें