Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चोरी करने आए बदमाशों ने की फायरिंग, महिला के पेट में लगी गोली

March 11, 2024

चोरी करने आए बदमाशों ने की फायरिंग, महिला के पेट में लगी गोली

कुरुक्षेत्र: जिला में चोरों के हौसले दिन प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। रविवार रात्रि चोरी करने आए बदमाशों ने सपड़ा कॉलोनी में मकान मालिक अशोक कौशल व उनकी पत्नी कमलेश पर फायरिंग की। जिसमें एक गोली कमलेश के पेट पर जा लगी। घायल कमलेश को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालात स्थिर है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक एसएस भौरिया टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से गोलियों के खोल भी मिले हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में मकान मालिक अशोक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी देते हुए मकान मालिक अशोक कौशल ने बताया कि रविवार रात्रि लगभग 8 बजे वह और उनकी पत्नी घर के गेट पर ताला लगा कर मंदिर गए थे। लगभग 9 बजे जब वे वापस आए, तो उन्होंने देखा कि गेट पर लगा ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर गए, तो सारा सामान बिखरा हुआ था और अंदर दो चोर चोरी कर रहे थे। उन्होंने चोर चोर चिल्लाया, तो दोनों चोर भागने लगे। उन्होंने चोरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गए। गली में खड़े तीसरे चोर ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली उनकी पत्नी के पेट पर लगी है।

चोर घर से नगदी व आभूषण चोरी करके मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के मकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर सवार 3 बदमाश भागते हुए नजर आ रहे है। वहीं सोमवार को थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने घर पहुंच कर पीड़ितों से बातचीत की। उधर, घटना को लेकर शहरवासियों में रोष है। शहरवासियों का कहना है कि शहर की पॉश कॉलोनी में इस तरह की वारदात होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें