आईपीएल 2024 को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आईपीएल का यह 17वां सीजन कई मायनों में दिलचस्प रहने वाला है। 22 मार्च से सीजन की शुरुआत हो रही है। पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियंस चेन्नई सुपर किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से चेपॉक में होगा। महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स को उसका पांचवां खिताब दिलाने के बाद एक साल और खेलने की बात कही थी। ऐसे में फैंस को इस बात को लेकर उत्सुकता है कि क्या यह माही का आखिरी सीजन होगा या फिर वह आगे भी खेलना जारी रखेंगे। इसके अलावा मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर लड़ाई भी सुर्खियों में रही है।
इस सीजन के लिए ऑक्शन से ठीक पहले एमआई ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था और उन्हें कप्तान नियुक्त किया था। इसके बाद फैंस में इसको लेकर जमकर गुस्सा फूटा था। फैंस ने फ्रेंचाइजी से वापस से रोहित को कप्तान बनाने की मांग की थी। यह विवाद तब और गहरा गया जब रोहित की पत्नी रितिका ने एक इंटरव्यू के दौरान मुंबई के हेड कोच मार्क बाउचर के बयान पर कमेंट किया था। उन्होंने लिखा था बाउचर के बयान में कई बातें झूठी हैं। बाउचर ने कहा था कि उन्होंने रोहित को कप्तानी से हटाने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि वह रोहित को खुलकर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहते हैं। साथ ही टीम में बदलाव का भी दौर है। रोहित ने इस पर कोई बयान नहीं दिया, लेकिन रितिका के कमेंट के बाद उनके साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- हमेशा मेरे साथ खड़ी रहती हैं।