Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही सरकार-धनी राम शांडिल

March 12, 2024

प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही सरकार-धनी राम शांडिल

छोटी काशी में चल रहे अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब मंगलवार को शाही शान के साथ निकाली गई। इसमें बतौर मुख्यातिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने जलेब में शामिल होने से पहले राजदेवता माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना की। देव ध्वनियों के साथ राजदेवता माधोराय के मंदिर से शुरू हुई जलेब पड्डल मैदान में पूरी हुई। स्वास्थ्य मंत्री डीसी कार्यालय से लेकर सेरी मंच तक पैदल और उसके बाद पड्डल मैदान तक दर्जनों देवी-देवताओं के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान वाद्य यंत्रों से निकलने वाली देव ध्वनियों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। जलेब में हजारों लोग देव परंपरा के गवाह बने। इस जलेब में भी परंपरा के अनुसार 21 देवी-देवता माधोराय की पालकी के आगे और छह देवी-देवता पालकी से पीछे चलते हैं। जलेब में देव धुनों पर देवताओं संग देवलुओं ने भी खूब नृत्य किया।

मंडी: स्वास्थ्य मंत्री डॉ कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि एक समर्थ, सशक्त और स्वस्थ हिमाचल बनाना प्रदेश सरकार का संकल्प है। इसी दृष्टिकोण से प्रदेश में जन स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने को लेकर कार्य किया जा रहा है। डॉ शांडिल शिवरात्रि मेले की मध्य जलेब के अवसर पर पड्डल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत तक प्रदेश की सभी 68 विधानसभाओं में एक स्वास्थ्य संस्थान को आदर्श संस्थान के तौर पर स्तरोन्नत कर दिया जाएगा। वहां लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। सरकार प्रदेश में एयर एबुलैंस सेवाएं उपलब्ध करवाने को दिशा में भी काम कर रही है। इसी दृष्टिकोण से स्वास्थ्य संस्थानों का ढांचागत विकास किया जा रहा है।

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री 9 मार्च से 15 मार्च तक मनाए जा रहे शिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब में शामिल हुए। इस दौरान उनकी सपुत्री डॉ दीपाली धौल भी उनके साथ रही। उन्होंने राजदेवता माधोराय मंदिर में पूजा अर्चना की। देव ध्वनियों के साथ राजदेवता माधोराय के मंदिर से शुरू होकर मध्य जलेब पड्डल मैदान में सम्पन्न हुई।

डॉ शांडिल ने कहा कि मंडी का शिवरात्रि मेला देवी-देवताओं का मेला है। यह बड़ी खुशी की बात है कि आज भी इसमें, मेले की जो पुरानी परंपराएं हैं, उन्हें पूरे मान-सम्मान के साथ, पूरी श्रद्धा से निभाया जाता है। उन्होंने मेले शुभारंभ पर मुख्यमंत्री द्वारा देवी-देवताओं के नजराने और बजंतरियों के मानदेय में जो 10-10 फीसदी बढ़ोतरी की घोषणा के लिए सभी को मुबाकरबाद दी।

उन्होंने कहा कि हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ साथ कांग्रेस सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मजबूती से काम कर रही है। सरकार ने सिर्फ 14 महीनों में 5 गारंटियां पूरी कर ली हैं। ओपीएस बहाल करने की गारंटी पूरी करके हमारी सरकार ने लगभग एक लाख 36 हज़ार एनपीएस कर्मचारियों को ओपीएस की सौगात दी। युुवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के अपने दूसरे वायदे को पूरा करते हुए हमने 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्टअप योजना शुरू की। तीसरी गारंटी में सरकारी स्कूलों में पहली क्लास से इंग्लिश मीडियम आरंभ किया गया है। वहीं, चौथी गांरटी पूरा करते हुए हिमाचल दूध पर एमएसपी देने वाला देश का पहला राज्य बना है। और अब इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना आरंभ कर हमारी सरकार ने अपनी पांचवी गारंटी पूरी कर ली है। इस योजना में 18 साल से अधिक की सभी पात्र बहनों व माताओं को हर महीने 1500 रुपये प्रदान किए जायेंगे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल देश का ऐसा पहला राज्य बना है जिसने अनाथ बच्चों व बेसहारा वर्गोें के लिए कानून के तहत योजना बनाई है। हमने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू कर 4 हज़ार अनाथ बच्चों को चिल्डर्न ऑफ स्टेट के रूप में अपनाया है। सरकार ही इन बच्चों की माता और सरकार ही पिता है। उनकी देख-रेख तथा शिक्षा का जिम्मा हमारी सरकार उठा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें