Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली पुलिस ने काला जठेरी गैंग के 3 शार्प शूटर्स को किया गिरफ्तार

March 15, 2024

दिल्ली पुलिस ने काला जठेरी गैंग के 3 शार्प शूटर्स को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन पैंथर-क्लॉ के तहत रिठाला गांव में अपराध करने की योजना बना रहे काला जठेरी गैंग के तीन शार्प शूटर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी मनदीप उर्फ मोनू (32), पंजाब के मुक्तसर जिले के निवासी हरदीप (22) और दिल्ली के शकूरपुर निवासी सुनील उर्फ राज (45) के रूप में हुई है। पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) जीएस सिद्धू ने बताया, ’हमें सूचना मिली थी कि बुधवार को रिठाला गांव इलाके में काला जठेरी गिरोह के सदस्य अपराध करने के इरादे से आएंगे।’

डीसीपी ने कहा, ‘अपराधियों को पकड़ने के लिए एंटी ऑर्गनाइज्ड क्राइम सेल और बुध विहार पुलिस स्टेशन की एक संयुक्त टीम बनाई गई , जिसे ऑपरेशन पैंथर-क्लॉ का नाम दिया गया।‘ उन्होंने बताया कि जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रिठाला गांव में एक इमारत पर छापा मारा। डीसीपी ने कहा, ‘जैसे ही टीम इमारत के पास पहुंची, एक संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मयिों ने तुरंत उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।‘

पूछताछ करने पर उसने उसी इमारत में दो और साथियों की मौजूदगी का खुलासा किया, जिन्हें बाद में पकड़ लिया गया। डीसीपी ने कहा, ‘‘आरोपियों के कब्जे से 7 जिंदा कारतूस के साथ दो अत्याधुनिक हथियार (एक पिस्तौल और एक रिवॉल्वर) बरामद किए गए।’’

पूछताछ करने पर आरोपियों ने काला जठेरी गिरोह के लिए काम करने और अपने आका के निर्देश पर अपराध करने की बात कबूली। डीसीपी ने कहा, ‘मामले में आगे की जांच की जा रही है। जिसमें आरोपियों की पिछली आपराधिक गतिविधियों का पता लगाया जाएगा।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें