Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज ‘नो कर्फ्यू-नो दंगा’ है, क्योंकि यूपी में सब चंगा है : CM योगी

March 16, 2024

आज ‘नो कर्फ्यू-नो दंगा’ है, क्योंकि यूपी में सब चंगा है : CM योगी

रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रदेश में 2017 के पहले कर्फ्यू एवं दंगे होते थे जबकि आज यहां ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ है, क्योंकि यूपी में सब चंगा है। योगी आदित्यनाथ ने रामपुर के लिए 610 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद यहां महात्मा गांधी स्टेडियम (फिजिकल ग्राउंड) में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सारे पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं, गुरु पर्व हो या होली, ईद हो या दीपावली-क्रिसमस, सभी खुशहाली से मनाए जा रहे हैं।

लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा, हमने सर्किट हाउस का निर्माण कराया है, इसका नाम संत शिरोमणि रविदास जी के नाम पर होगा, जिन्होंने कर्म की साधना को महत्व दिया था। योगी ने कहा, हर कोई अपने तरीके से पर्व-त्योहार मनाने के लिए स्वतंत्र है। यहां सुरक्षा है तो समृद्धि भी है। आज बेटियों एवं व्यापारियों की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता, यदि किसी ने कोशिश की तो यमराज उसे अगले चौराहे पर दबोच डालेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा और सुविधा भी दे रही है, सरकार जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है और जब ऐसी सरकार होती है तो देश विकास की नई बुलंदियों को छूता हुआ दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसानों को बिजली नहीं मिलती थी, इस साल किसानों को ‘फ्री’ नलकूप में सिंचाई के लिए 26 सौ करोड़ रुपये बजट में दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जो नौजवान पहले देश-दुनिया में नौकरी के लिए जाता था, आज उसे प्रदेश में नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने जो प्रयास किया, उसका परिणाम है कि रामपुर विकास की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार रामपुरी चाकू (रामपुर की पहचान) को धार देगी, जो सबकी सुरक्षा के लिए भी काम कर सके और घर में सब्जी भी काट सके। योगी ने कहा,‘‘ समृद्धि आएगी तो कोई जेब काटने की नौबत नहीं करेगा, हम हर हाथ को कार्य देंगे और रोजगार देंगे, फिर वायलिन के स्वर रामपुर में गूंजते दिखाई देंगे। रामपुर घराना फिर से संगीत के घराने के रूप में पहचान बनाएगी।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें