Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में दीर्घकालिक देखभाल कार्यकताओं और बुजुर्गों का ऐसे रखा जा रहा है ध्यान

March 18, 2024

चीन में दीर्घकालिक देखभाल कार्यकताओं और बुजुर्गों का ऐसे रखा जा रहा है ध्यान

चीन लगातार अपने देश के नागरिकों की स्थिति सुधारने का प्रयास कर रहा है। लोगों का जीवन बेहतर से बेहतर करने के लिए विभिन्न नीतियां और योजनाएं तैयार की जा रही हैं। चीनी राष्ट्रपति से लेकर अन्य बड़े नेता समय-समय पर इस बारे में घोषणाएं भी करते हैं। जाहिर है कि चीन एक बड़ी आबादी वाला राष्ट्र है, ऐसे में कुशल और सक्षम श्रमिकों और कामगारों की काफी मांग रहती है। जिन्हें अच्छा कार्य वातावरण मुहैया कराना किसी चुनौती से कम नहीं होता। हालांकि सरकार की कोशिश रहती है कि उनके अधिकारों की रक्षा हो। 

इस बीच चीन ने दीर्घकालिक देखभाल कार्यकर्ताओं के लिए एक राष्ट्रीय कार्य मानक जारी किया है। इससे न केवल ऐसे कार्यकताओं को लाभ मिलेगा जो बीमार और बुजुर्ग लोगों की सेवा करते हैं, बल्कि बुजुर्गों को भी राहत मिलेगी। क्योंकि चीन में बूढ़े-बुजुर्गों की तादाद बहुत ज्यादा है, और वे अकसर खुद की देखभाल करने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। 

लेकिन अब सरकार ने इस बारे में कार्य मानक जारी किया है। इसका उद्देश्य उच्च-गुणवत्ता, अधिक कुशल देखभाल श्रमिकों को तैयार करना और भविष्य में दीर्घकालिक देखभाल बीमा आदि के संचालन को बेहतर ढंग से लागू करना है। बताया जाता है कि इस पेशे के लिए यह चीन में पहला मानक है। जिसे मानव संसाधन व सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य देखभाल सुरक्षा प्रशासन ने संयुक्त रूप से जारी किया है। 

बताया जाता है कि नए मानक के अनुसार, दीर्घकालिक देखभाल कर्मियों के पास बुनियादी जीवन देखभाल व नर्सिंग का ज्ञान और कौशल आवश्यक रूप से होना चाहिए। उन्हें घरों, विभिन्न कॉलोनियों, नर्सिंग संस्थानों या अस्पतालों में उन व्यक्तियों को जीवन देखभाल और मनोवैज्ञानिक सेवाएं प्रदान करनी होंगी, जो खुद की देखभाल नहीं कर सकते। साथ ही वे दीर्घकालिक देखभाल बीमा में शामिल किए गए हैं।

आंकड़ों के मुताबिक चीन में चार करोड़ बीस लाख से अधिक बुजुर्ग रहते हैं, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है। लेकिन वे खुद का ध्यान नहीं रख पाते हैं, क्योंकि उनके बच्चे अपने जीवन और कार्य में व्यस्त रहते हैं। इसलिए उन्हें ऐसे लोगों की जरूरत होती है, जो कि उनका अच्छी तरह ध्यान रख सकें।

सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से जाहिर होता है कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। 

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें