Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिलते ही हार्दिक पांड्या ने कहा, गेंदबाजी भी करूंगा और सभी 14 मैच खेलूंगा

March 19, 2024

मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिलते ही हार्दिक पांड्या ने कहा, गेंदबाजी भी करूंगा और सभी 14 मैच खेलूंगा

मुंबई: आईपीएल का 17वां सीजन 22 मार्च, 2024 से खेला जाएगा। इससे पहले हार्दिक पांड्या ने मैदान पर अपने कमबैक को लेकर हुंकार भरी है। हार्दकि इस साल अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में बतौर कप्तान वापसी कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से चोट से उबर रहे इस स्टार ऑलराउंडर ने धमाकेदार कमबैक का शंखनाद किया है।

हार्दिक पांड्या, जो अक्टूबर में विश्व कप 2023 के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ चोटिल होने के बाद से मैदान से बाहर थे। अब पूरी तरह से फिट हैं और वापसी के लिए तैयार हैं।

उन्होंने सोमवार को अपने प्रशंसकों को आश्वासन दिया कि वह आईपीएल के दौरान सभी 14 मैच खेलेंगे। साथ ही टीम को जितनी जरूरत होगी उतनी गेंदबाजी भी करेंगे।

हार्दिक पांड्या ने कहा, ‘मैं अक्टूबर में विश्व कप के दौरान चोटिल हो गया था और शुरू में लगा कि यह मामूली चोट है और मैं कुछ दिनों में ठीक हो जाऊंगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं और मुझे पूरी तरह फिट होने में समय लगा।‘

पांड्या ने कहा कि वह अब पूरी तरह से फिट हैं और उस फ्रेंचाइजी के लिए अपना योगदान देने के लिए उत्सुक हैं जिसके साथ उन्होंने 2015 में अपना आईपीएल करियर शुरु किया था।

हार्दकि ने कहा, ‘मैं आईपीएल में गेंदबाजी करूंगा। मैं चोट से पूरी तरह उबर चुका हूं और मैं बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।‘

हार्दिक पांड्या ने कहा कि अगले कुछ महीनों तक उनका ध्यान केवल मुंबई इंडियंस और आईपीएल पर रहेगा और वह इस साल के अंत में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप के बारे में नहीं सोचेंगे।

उन्होंने कहा कि वह टी20 विश्व कप के लिए खुद को सुरक्षित रखने के लिए कोई भी मैच नहीं छोड़ेंगे, जो आईपीएल खत्म होने के पांच दिन बाद शुरू होगा।

हार्दिक पांड्या ने कहा, ‘मैंने आईपीएल में शायद ही कभी कोई मैच मिस किया हो और इसलिए मैं इस सीजन के सभी 14 मैच खेलूंगा।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें