Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश में तानाशाही और लोकतंत्र के बीच में जंग चल रही, लेकिन अंत में जीत लोकतंत्र की होगी: दीपेन्द्र हुड्डा

March 22, 2024

देश में तानाशाही और लोकतंत्र के बीच में जंग चल रही, लेकिन अंत में जीत लोकतंत्र की होगी: दीपेन्द्र हुड्डा

रोहतक: सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज ‘घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस’ अभियान के तहत रेलवे रोड इलाके में डोर टू डोर संपर्क कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल पूछा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली तानाशाही की पराकाष्ठा है। देश में तानाशाही और लोकतंत्र के बीच में जंग चल रही है लेकिन अंत में जीत लोकतंत्र की ही होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार, कुशासन जैसे जरूरी मुद्दों से देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए ही देश के सरकारी तंत्र, सरकारी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके लगातार विपक्ष को निशाने पर ले रही है और विपक्ष को कुचलकर कमजोर करने के प्रयास कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। सत्ता के अहंकार में BJP सरकार प्रजातंत्र पर रोज प्रहार कर रही है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार के इशारे पर चुनाव से ठीक पहले देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज कर उसे आर्थिक रुप से अक्षम करने की कोशिश सीधे-सीधे लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का जो नेता सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलने की कोशिश करता है उस पर पूरा सरकारी तंत्र हमलावर हो जाता है। वहीं यदि विपक्ष का कोई नेता भाजपा में शामिल हो जाता है तो ईडी, सीबीआई के तमाम मुकदमे ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। इसी प्रकार यदि कोई कारोबारी ईडी रेड के बाद इलेक्टोरल बान्ड के माध्यम से भाजपा को चंदा दे देता है तो उसके भी मुकदमे ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में जनता सत्ता परिवर्तन करेगी।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक लोकसभा चुनाव क्षेत्र में अपने कार्यकाल और वर्तमान बीजेपी सांसद के कार्यकाल में कामों की तुलना को सामने रखते हुए बताया कि रोहतक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अकेला ऐसा क्षेत्र है जहां भारत सरकार के राष्ट्रीय स्तर के 6 संस्थान उन्होंने बनवाए। जिनमें IIM, AIIMS-2 बाढ़सा, केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (CRIYN), FDDI, IHM, IIT प्रमुख हैं। इसके अलावा 5 नये विश्वविद्यालय जिसमें पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय, MSME प्रौद्योगिकी केंद्र (टूल रूम), न्यूक्लीयर साइंस यूनिवर्सिटी (GCNEP), स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ विजुअल एण्ड परफॉरमिंग आर्ट्स, इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी (मीरपुर) शामिल है। रोहतक लोकसभा में 18 नये सरकारी महाविद्यालय, 18 नयी सरकारी ITI, 8 नये सरकारी पॉलीटेक्निक, भाकली और मतनहेल में 2 नये केंद्रीय विद्यालय, 2 नये इंजीनियरिंग कॉलेज, 1 सैनिक स्कूल, 200 से ज्यादा नये सरकारी स्कूल और सैंकड़ों स्कूल अपग्रेड कराए।

उन्होंने बताया कि विभिन्न गांवों में 120 नये खेल स्टेडियम (राष्ट्रीय+ राज्य स्तरीय+ग्रामीण- (1+3+116), भारत सरकार के 2 SAI स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर बने। 4 सुपर स्पेशलिटी अस्पताल – (AIIMS 2, NCI, PGI रोहतक का विस्तार, महाराजा अग्रसेन), गांव शहर में 68 नये अस्पताल बने, बहादुरगढ़ तक नई मेट्रो शुरू हुई, 4 नयी ट्रेन सेवा चालू कारवाई, 2 नई रेलवे लाइन (230 कि मि), 20 ROB का निर्माण कराया। 3 नयी IMT बनी, 30 नये बड़े उद्योग लगे, 2 बिजली के नये थर्मल पावर प्लांट लगे, 12 राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) मंजूर (1080 KM), PMGSY + NCRPB की सड़कें — 785+383 KM, 718 पेयजल परियोजनाएं और 30706 गरीब परिवारों को 100 गज के मुफ्त प्लॉट दिलवाए। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर जो मंजूरशुदा काम रुके हुए हैं उन्हें युद्ध स्तर पर पूरा कराएंगे और विकास के मामले में हरियाणा को फिर से नंबर 1 बनाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें