Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजनीतिक साजिश के तहत CM अरविंद केजरीवाल को किया गिरफ्तार : अनुराग ढांडा

March 26, 2024

राजनीतिक साजिश के तहत CM अरविंद केजरीवाल को किया गिरफ्तार : अनुराग ढांडा

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में भाजपा के हर जिला कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कैथल में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व “इंडिया” गठबंधन से कुरुक्षेत्र लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने किया और रोहतक में आप वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ में “मैं भी केजरीवाल” के पोस्टर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहेब के संविधान को तोड़ने में लगी है। उन्होंने कहा अरविंद केजरीवाल पूरे देश के नेता थे। वे पूरे देश में बेहतर शिक्षा, बेहतर चिकित्सा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और विकसित और शिक्षित भारत चाहते हैं। कोर्ट के आदेशों की उल्लंघना करके अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार किया है। सारे नोटिस जब डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने स्टे कर दिए और उसके बाद एक नया नोटिस दिया। इस नोटिस के अगेंस्ट भी अरविंद केजरीवाल हाइकोर्ट गए, हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार नहीं किया अरविंद केजरीवाल जी को चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए ईडी ने रातों रात गिरफ़्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि गिरफ़्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन किया, पुलिस की बर्बरता से करीब 150 लोग घायल हुए। नेताओं को राजनीतिक निशाना बनाया गया, मेरे ऊपर भी इन्होंने जानलेवा हमला किया शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में लोगों के ऊपर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इस बर्बरता के विरोध में आज पूरे हरियाणा के हर जिले के अंदर प्रदर्शन किया गया। आज बीजेपी का लट्ठ तंत्र है, इसको खत्म करके लोकतंत्र की बहाली के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा बीजेपी झूठे बयान दिलवा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डर ही अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से लगता है। उनको पता है बीजेपी के भ्रष्टाचार का खात्मा अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ही करेगी। इसलिए अरविंद केजरीवाल और हमारे सारे ईमानदार नेताओं को फ़र्ज़ी केस में जेल में डाल रही है, 2 साल से गिरफ़्तारी कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा ये मुकदमा चार दिन भी कोर्ट में नहीं चलेगा।

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा भाजपा ने रात के अंधेरे में कायरतापूर्ण तरीके से बिना किसी सुबूत के अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके जेल में डाला है। ये इतिहास में पहली बार है कि किसी सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करके जेल में बंद किया गया है जिसके खिलाफ एक पैसे का भी सुबूत भाजपा और किसी एजेंसी के पास नहीं है। इसलिए भाजपा की इस साजिश का देश भर में विरोध हो रहा है और ईडी की कार्रवाई का। उसी सिलसिले आज प्रधानमंत्री आवास पर भी प्रदर्शन हो रहा है और हरियाणा में भी भाजपा ने जो करोड़ों रुपए लगाकर दफ्तर बनाए हैं वहां पर भी प्रदर्शन हो रहा है। भाजपा ने कोयले की दलाली और शराब घोटाले के मुख्य अभियुक्त से 60 करोड़ रुपए का चंदा लिया है। इसके अलावा भाजपा ने पाकिस्तानी कंपनियों से भी चंदा लिया है। भाजपा ने पता नहीं किस साजिश की एवज में ये चंदा लिया है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में जिस तरीके से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का सिर फोड़ा, हाथ पैर तोड़े ये केवल तानाशाह सरकार में ही हो सकता है। सारी एजेंसियां और पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं और चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भी चुनाव आयोग बैठे बैठे देख रहा है। इससे पता चलता है कि देश तानाशाही की तरफ जा रहा है। इसलिए लोग अब लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हो गए हैं। अबकी बार भाजपा का बोरिया बिस्तर बंधेंगे।

उन्होंने कहा कि एक भी एफआईआर में अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं है। इसलिए अरविंद केजरीवाल को एक राजनीतिक साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है। यदि ईडी को गिरफ्तार करना ही है तो भाजपा ने जिस हेमंत बिस्वा शरमा के भ्रष्टाचार की पूरी बुकलेट निकाली थी और जिस अजीत पंवार पर 70 हजार करोड़ रुपए का आरोप लगाया था उनको गिरफ्तार क्यों नहीं करती। जिस मुख्य आरोपी का ईडी ने विरोध नहीं किया उसकी जमानत होने के बाद 60 करोड़ रुपए भाजपा के खाते में डल गए। जब दिन उस अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया उसके पांच दिन बाद पांच करोड़ रुपए भाजपा के खाते में डल गए। ये सारी चीज़े बताती हैं और उस भ्रष्टाचार का पैसा सीधे भाजपा के पास आया है। लेकिन लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी होती है, इस बार जनता इनको इनकी सही जगह दिखा देगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें