Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्रद्धालुओं से भरी बस पहले खाई में गिरी…फिर लगी आग, 45 लोगों की मौत, सिर्फ 8 साल का जीवित बचा एक बच्चा

March 29, 2024

श्रद्धालुओं से भरी बस पहले खाई में गिरी…फिर लगी आग, 45 लोगों की मौत, सिर्फ 8 साल का जीवित बचा एक बच्चा

केपटाउनः दक्षिण अफ्रीका में बृहस्पतिवार को ईस्टर उत्सव के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस एक पहाड़ी र्दे पर बने पुल से नीचे गिर गई और उसमें आग लग गई जिससे कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई। उत्तरी लिम्पोपो प्रांत के प्राधिकारियों ने बताया कि हादसे में केवल आठ साल का एक बच्चा जीवित बचा है जिसका उपचार किया जा रहा है। उसे गंभीर चोट आई हैं। लिम्पोपो प्रांतीय सरकार ने बताया कि बस ममातलकाला पुल से 164 फुट नीचे खाई में गिर गई जिसके बाद उसमें आग लग गई।

प्रांतीय सरकार ने बताया कि तलाश अभियान जारी है लेकिन कई शव इतने बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है और वे अभी बस में ही फंसे हैं। प्राधिकारियों ने बताया कि उनका मानना है कि बस पड़ोसी देश बोत्सवाना से मोरिया शहर जा रही थी जो मशहूर ईस्टर तीर्थस्थल है। उनके मुताबिक ऐसा लगता है कि बस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उसकी भी मौत हो गई।

राष्ट्रीय परिवहन विभाग ने बताया कि परिवहन मंत्री सिंडिसिवे चिकुंगा एक सड़क सुरक्षा अभियान के लिए लिम्पोपो प्रांत में मौजूद थीं और उन्होंने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है तथा उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। दक्षिण अफ्रीका की सरकार ईस्टर की छुट्टियों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के खतरे से अक्सर आगाह करती रहती है क्योंकि यह सड़क यात्रा के लिए व्यस्त और खतरनाक समय होता है। पिछले साल ईस्टर सप्ताहांत के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें