Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2024: पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के लिए आल राउंड प्रयास करने होंगे लखनऊ सुपर जायंट्स को

March 29, 2024

IPL 2024: पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के लिए आल राउंड प्रयास करने होंगे लखनऊ सुपर जायंट्स को

लखनऊ। केएल राहुल की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम जब शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दूसरे मैच में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी तो उसकी निगाहें हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करने पर लगी होगी। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में क्रुणाल पंड्या को छोड़कर लखनऊ के सभी गेंदबाजों ने रन लुटाये थे और वे प्रभावित नहीं कर सके। मार्क वुड और डेविड विली की अनुपस्थिति में एलएसजी के तेज गेंदबाज कमजोर दिखे जिसमें मोहसिन खान, नवीन उल हक और यश ठाकुर से जिम्मेदारी उठाने की उम्मीद थी।

आगामी टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने की मुहिम में जुटे रवि बिश्नोई टीम के आईपीएल में शुरूआती मैच में साधारण दिखे। कप्तान राहुल ने भी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाने का फैसला किया और वापसी वाले मैच में 58 रन की पारी खेली जिससे वह अगले मैच में इससे और बेहतर करना चाहेंगे। साथ ही वह उम्मीद करेंगे कि उनकी सलामी जोड़ीदार क्विंटन डिकॉक पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में वापसी करे। टीम को देवदत्त पडीक्कल, आयुष बडोनी, दीपक हुड्डा और क्रुणाल से भी निचले क्रम में अच्छे प्रदर्शन की आस होगी। एलएसजी की सफलता आस्ट्रेलियाई आल राउंडर मार्कस स्टोइनिस की फॉर्म पर भी निर्भर होगी जो पिछले साल 408 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी रहे थे।

वहीं पंजाब किंग्स ने अभी तक दो में एक में जीत हासिल की जबकि एक में उसे हार मिली। शिखर धवन की अगुआई वाली टीम को पावरप्ले में रन गति में तेजी लाने की जरूरत है और ऐसा तभी होगा जब पहले दो मैच में विफल रहने वाले जॉनी बेयरस्टो धमाकेदार बल्लेबाजी करें। सिर्फ आईपीएल में खेलने वाले धवन को भी आगे अपने स्ट्राइक रेट में तेजी लाने की जरूरत है। उन्होंने खुद ही स्वीकार किया था कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बल्लेबाजी धीमी रही थी।

प्रभसिमरन सिंह अच्छी शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाये हैं। वहीं आल राउंडर सैम करन ने दोनों मैच में बल्ले से अपना कौशल दिखाया है लेकिन वह गेंदबाजी में ऐसा कमाल नहीं कर पाये हैं। उप कप्तान जितेश शर्मा भी टी20 विश्व कप के लिए टीम में जगह बनाने की कोशिश में जुटे हैं लेकिन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को लुभाने के लिए उन्हें भी अच्छा प्रदर्शन दिखाना होगा। तेज गेंदबाजी विभाग में कागिसो रबाडा को करन, अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल से और अधिक सहयोग की उम्मीद होगी। बायें हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार प्रभावी रहे जबकि लेग स्पिनर राहुल चाहर को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी।

टीम इस प्रकार हैं:

लखनऊ सुपर जाइंट्स: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, निकोलस पूरण, आयुष बडोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह, प्रेरक मांकड़, यश ठाकुर, अमित मिश्र, शमर जोसेफ, मयंक यादव, मोहसिन खान, के. गौतम, शिवम मावी, अíशन कुलकर्णी, एम. सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, मोहम्मद अरशद खान।
पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा, सिकंदर रजा, ऋषि धवन, लियाम लिविंगस्टोन, अथर्व तायडे, अर्शदीप सिंह, नाथन एलिस, सैम करन, कागिसो रबाडा, हरप्रीत बरार, राहुल चाहर, हरप्रीत भाटिया , विद्वथ कावेरप्पा, शिवम सिंह, हर्षल पटेल, क्रिस वोक्स, आशुतोष शर्मा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, शशांक सिंह, तनय त्यागराजन, प्रिंस चौधरी, रिले रोसोऊ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें