Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जोरहाट में Gaurav Gogoi के खिलाफ 2 लाख से ज्यादा मतों से जीत करूंगा दर्ज : Topon Kumar Gogoi

April 6, 2024

जोरहाट में Gaurav Gogoi के खिलाफ 2 लाख से ज्यादा मतों से जीत करूंगा दर्ज : Topon Kumar Gogoi

जोरहाटः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और जोरहाट लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद तपन कुमार गोगोई ने शनिवार को भरोसा जताया कि वह आगामी आम चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस नेता गौरव गोगोई को दो लाख से अधिक मतों के अंतर से हराकर निर्वाचन क्षेत्र से फिर से जीत दर्ज करेंगे। भाजपा नेता गोगोई ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र और पूरे देश के लोग नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में चुनना चाहते हैं ताकि ‘‘विकास यात्रा जारी रहे।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 को विपक्ष ‘‘एक चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है’’ लेकिन यह मतदाताओं की चिंता का विषय नहीं है।

तपन गोगोई ने कहा, कि ‘मेरा प्रचार अभियान बेहतरीन तरीके से जारी है। जोरहाट के सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रत्येक पंचायत में राजनीतिक सभाएं हो रही हैं और मुझे विभिन्न धर्मों, जातियों और पंथों के लोगों का समर्थन मिल रहा है।’’ जोरहाट में ऊपरी असम की चार अन्य सीट के साथ 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। तपन गोगोई ने कहा, कि ‘हमने चाय बागानों में पर्याप्त काम किया है। इससे पहले, बागान क्षेत्रों के लिए कोई पहल नहीं की गई थी। जब मैं असम सरकार में बिजली मंत्री था, तो मैंने 24 लाख लोगों को नए कनेक्शन प्रदान किए। मैंने चाय बागान क्वार्टर में क्लस्टर मीटर के बजाय अलग अलग बिजली मीटर उपलब्ध कराए और एम्बुलेंस सेवा भी चाय बागान क्षेत्रों में शुरू की गई।’’ तपन गोगोई ने दावा किया कि लोगों को भाजपा पर पूरा भरोसा है और जोरहाट में कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है।

भाजपा गठबंधन सहयोगियों के साथ 2016 में असम में सत्ता में आई थी और उसके बाद उसने 2021 में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस बात से चिंतित हैं कि एकजुट विपक्ष ने उनके खिलाफ गौरव गोगोई को मैदान में उतारा है, भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘क्या मैं डरा हुआ लग रहा हूं? मुझे पता है कि लोग क्या चाहते हैं। मैं उनके जरूरत के समय में उनके साथ रहा हूं।‘‘ उन्होंने कहा, कि ‘इस बार, (जीत का) अंतर और भी बढ़ेगा। मैं न्यूनतम दो लाख मतों के अंतर से जीतूंगा। परिसीमन के बाद, जोरहाट में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 17.5 लाख हो गई है।’’

तपन कुमार गोगोई को 2019 के लोकसभा चुनाव में 5,43,288 वोट मिले थे और उन्होंने 82,653 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार सुशांत बोरगोहेन को 4,60,635 वोट मिले थे, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। कलियाबोर निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा कांग्रेस सांसद गौरव ने तपन गोगोई पर पिछले पांच साल के दौरान संसद के अंदर और बाहर चुप रहने का आरोप लगाया है। इस बारे में सवाल किए जाने पर तपन ने सवाल किया कि क्या विपक्षी दल को सदन की कार्यवाही देखने की परवाह भी है। भाजपा सांसद ने कहा, कि ‘लोगों ने मुझे काम करने, निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को हल करने के लिए चुना है और मैं वही कर रहा हूं। उन्होंने मुझे सदन के भीतर उपद्रव करने के लिए नहीं चुना है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें