Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

JJP नेता कमलेश सैनी ने पार्टी छोड़ी, कहा- यह फैसला अपने समर्थकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया

April 8, 2024

JJP नेता कमलेश सैनी ने पार्टी छोड़ी, कहा- यह फैसला अपने समर्थकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को झटका देते हुए जननायक जनता पार्टी की महासचिव कमलेश सैनी ने सोमवार को पार्टी छोड़ दी जबकि अटकलें हैं कि जजपा की राज्य इकाई के प्रमुख निशान सिंह ने भी पार्टी छोड़ने का मन बना लिया है। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला को लिखे अपने इस्तीफे में सैनी ने कहा, मैं जजपा की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे रही हूं। सैनी ने कहा कि उन्होंने यह फैसला अपने समर्थकों की भावनाओं और उनसे मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए लिया है। उनके अगले कदम और क्या वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होंगी के बारे में पूछे जाने पर सैनी ने कहा, यह फैसला भी अपने समर्थकों और लोगों से सलाह-मशविरा करने के बाद लिया जाएगा। सैनी नारनौल नगरपरिषद की अध्यक्ष भी हैं।


यह घटनाक्रम उन अटकलों के बीच आया है कि जजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख भी पार्टी छोड़ सकते हैं। समझा जाता है कि निशान सिंह ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी इच्छा व्यक्त की है। वह पहले इंडियन नेशनल लोकदल से जुड़े थे और पार्टी के विभाजन के बाद वह जजपा का हिस्सा बन गए जो दिसंबर 2018 में अस्तित्व में आयी थी।
हरियाणा की दस लोकसभा सीटों के लिए आम चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। जजपा के शीर्ष नेतृत्व ने हाल ही में कहा था कि वह इन चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। जजपा पहले हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गठबंधन सहयोगी थी। भाजपा ने पिछले महीने मनोहर लाल की जगह नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया था, जिसके बाद जजपा ने स्पष्ट कर दिया कि वह नयी सरकार का हिस्सा नहीं होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें