Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

यश ठाकुर ने कहा, मेरे अच्छे प्रदर्शन के पीछे कप्तान केएल राहुल का हाथ

April 9, 2024

यश ठाकुर ने कहा, मेरे अच्छे प्रदर्शन के पीछे कप्तान केएल राहुल का हाथ

लखनऊ: लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस ने बिना विकेट गंवाए 54 रन बना लिए थे और टीम तेजी से लक्ष्य की ओर बढ़ रही थी, लेकिन जब पारी के छठे ओवर में यश ठाकुर गेंदबाजी करने आए तो कहानी बदल गई।

पिछले मैच में नाबाद 89 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने चौके के साथ यश ठाकुर का स्वागत किया, हालांकि ओवर ख़त्म होते-होते गिल पवेलियन में थे।

वह ठाकुर के एक ज़बरदस्त यॉर्कर का शिकार हुए। यह तो बस शुरुआत थी। इसके बाद ठाकुर ने पुरानी गेंद संभालते हुए अपनी हार्ड और बैक ऑफ़ लेंथ गेंदों से गुजरात के निचले मध्य क्रम के बल्लेबाज़ों को परेशान किया और आईपीएल 2024 में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए।

यह लखनऊ सुपर जायंट्स के किसी भी भारतीय गेंदबाज़ का पहला पंजा और ओवरऑल मार्क वुड के बाद सिर्फ दूसरा 5-विकेट हॉल था।

यह लखनऊ की गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच मुकाबलों में पहली जीत थी और उन्होंने कुल 163 रनों के स्कोर का बचाव किया।

मैच के बाद ठाकुर ने कहा, मैं बहुत खुश हूं कि मैं आईपीएल में अपना पहला 5-विकेट हॉल ले पाया। मैं इसके लिए गेंदबाज़ी कोच मोर्ने मॉर्केल, कोच जस्टिन लैंगर और कप्तान केएल राहुल को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताए रखा। पूरे मैच के दौरान वे मुझे बैक करते रहे।

यश ठाकुर रणजी ट्रॉफी 2023-24 सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद एलएसजी टीम में शामिल हुए। विदर्भ के गेंदबाज ने सात मैचों में 27 विकेट लिए, जिसमें मध्य प्रदेश और मुंबई के खिलाफ प्री-क्वार्टर और क्वार्टर में दो छह विकेट भी शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें