Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

चार जून के बाद वेंटिलेटर पर होगी BJP : रोहित ठाकुर

April 9, 2024

चार जून के बाद वेंटिलेटर पर होगी BJP : रोहित ठाकुर

शिमला (गजेंद्र) : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि चार जून के बाद हिमाचल प्रदेश में भाजपा वेंटिलेटर पर होगी। क्योंकि वोट की चोट से जनता भाजपा को कोमा में पहुंचाने वाली है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को तो अब नींद में भी मुख्यमंत्री की कुर्सी नजर आ रही है। वह मुख्यमंत्री बनने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। वर्तमान सरकार को किसी प्रकार का कोई ख़तरा नहीं हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार डंके की चोट पर अपने पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। विधानसभा में अंक गणित कांग्रेस सरकार के पक्ष में है, इसलिए भाजपा नेता प्रदेश की जनता को भ्रमित करना बंद कर दें।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा का नक़ाब प्रदेश की जनता के सामने से हट गया है और उनका लालची चेहरा सामने आ चुका है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में चारों सीटें और उप-चुनाव की छह सीटों पर क्लीन स्वीप करेगी और प्रत्याशी बड़े अंतर से विजयी होंगे। भाजपा ने धन-बल से वर्तमान प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का प्रयास अवश्य किया था, जिसे भगवान के आशीर्वाद से असफल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक चुनी हुई सरकार के विरुद्ध षड्यन्त्र रचने के लिए प्रदेश की जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी और चुनाव में करारा जवाब देगी। आने वाले चुनाव में मतदाता भाजपा को वेंटिलेटर पर पहुँचा कर ही दम लेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दगाबाजी करने वाले पूर्व विधायकों को टिकट देकर भाजपा ने यह बात साबित कर दी है कि इस पूरे प्रकरण के पीछे उसी का हाथ था और भाजपा ने हॉर्स ट्रेडिंग की थी। कुर्सी के लालच में भाजपा नेता इतने अंधे हो गए हैं कि उन्हें कांग्रेस के भगोड़ों को पार्टी का टिकट देने से निराश भाजपा के कार्यकर्ताओं की हताशा भी नहीं दिख रही है। भाजपा के भीतर विरोध का ज्वालामुखी धधक रहा है, जो कभी भी फट सकता है। चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों की हार निश्चित है, जिसे कोई नहीं टाल सकता। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जन-बल से धन-बल की राजनीति को जवाब देगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें