Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ola इंटरनेशनल मार्केट को कहेगी अलविदा, भारतीय बाजार पर ध्यान केंद्रित करेगी

April 10, 2024

Ola इंटरनेशनल मार्केट को कहेगी अलविदा, भारतीय बाजार पर ध्यान केंद्रित करेगी

नई दिल्ली: राइड-हेलिंग कंपनी ओला ने बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यूके, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में ओला कैब्स राइड बंद करने का फैसला लिया है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि वह भारतीय बाजार पर ध्यान केंद्रित करेगी। कंपनी को देश में ‘विस्तार का अपार अवसर’ दिख रहा है।

ओला के प्रवक्ता ने कहा, “मोबिलिटी का भविष्य न केवल व्यक्तिगत गतिशीलता (पर्सनल मोबिलिटी) में, बल्कि राइड-हेलिंग बिजनेस के लिए भी इलेक्ट्रिक है और भारत में विस्तार की अपार संभावनाएं हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “इस स्पष्ट फोकस के साथ हमने अपनी प्राथमिकताओं का पुनर्मूल्यांकन किया है। हमने यूके, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में मौजूदा अपने विदेशी राइड-हेलिंग बिजनेस को बंद करने का फैसला लिया है।”

कंपनी सैकड़ों स्थानों पर काम करती है और दोपहिया वाहनों समेत परिवहन के कई साधन प्रदान करती है।

इस बीच, देश में ओला के मोबिलिटी कारोबार ने वित्तवर्ष 2021-22 में 66 करोड़ रुपये के घाटे के मुकाबले वित्तवर्ष 2022-23 में 250 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है।

वित्तवर्ष 2022-23 में इसका राजस्व 58 प्रतिशत बढ़कर 2,135 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 1,350 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने कहा, “वित्तवर्ष 2022-23 में हमने खुद को न केवल बढ़ने और बड़े पैमाने पर काम करने की चुनौती दी, बल्कि इसे लाभप्रद तरीके से करने की भी चुनौती दी। जबकि हमारा राजस्व 58 प्रतिशत की मजबूत क्लिप के साथ बढ़ता रहा, हम भारत के गतिशीलता (मोबिलिटी) बिजनेस में एबिटडा पॉजिटिव हो गए।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें