Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेरा जीवन चंडीगढ़ की जनता और कार्यकर्ताओं को रहेगा समर्पितः Sanjay Tandon

April 10, 2024

मेरा जीवन चंडीगढ़ की जनता और कार्यकर्ताओं को रहेगा समर्पितः Sanjay Tandon

चंडीगढ़: भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद संजय टंडन ने कहा कि उनका जीवन चंडीगढ़ और कार्यकर्ता के लिए समर्पित रहेगा,यही मेरा संकल्प है। बुधवार को पार्टी प्रत्याशी घोषित होने के बाद टंडन सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में पहुंचे थे।यहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके उपरांत पार्टी के सभागार में टंडन को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने मुंह मीठा कराकर फुलकारी भेंट की और बधाई दी। अपने संबोधन के दौरान भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन भावुक हो गए।

इस मौके पर उन्होंने पिता,संघ परिवार और भाजपा में बतौर कार्यकर्ता अपने पुराने दौर को याद किया और टिकट के लिए 2009 में पहली बार दिल्ली तक की दौड़ और 2014 तथा 2019 में टिकट कटने तक के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि मंच पर आज मैं एक अलग भावना के साथ यहां खड़ा हूं,क्योंकि परिस्थितियां कोई भी रही हों,लेकिन अब तक वह एक साधारण कार्यकर्ता के रुप में पूरी निष्ठा से अपना धर्म निभाते रहे। शुरुआत पिता जी के मार्गदर्शन में की थी,उन्होंने जहां बिठाया,वह बैठ गए,जो काम कहा वह करते रहे। उन्हें याद है कि 50 साल पहले छोटी सी उम्र में पहली बार पिता के चुनाव में कैसे काम किया था। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने उन्हें राष्ट्र प्रेम और अनुशासन में कार्य करने का सबक सिखाया। पहली बार वह आठ साल की आयु में संघ से जुड़े थे और बाद में अभिमन्यु शाखा का अमृतसर में मुख्य शिक्षक बने थे।

अपने संबोधन के दौरान संजय टंडन ने अपने से जुड़ा नरेंद्र मोदी का एक संस्मरण सुनाते हुए बताया कि एक बार मोदी उनके घर तब आए थे जब वे प्रभारी थे और उनके पिता भाजपा पंजाब के अध्यक्ष थे।वह उनके लिए चाय लेकर गया था,तो उन्होंने पूछा था कि पार्टी के लिए क्या कर रहे हो,तब मुझे उनके कहने पर ही चंडीगढ़ भाजपा कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया था। इसके बाद वह चंडीगढ़ के महामंत्री और 10 साल लगातार प्रदेशाध्यक्ष रहे,शायद यह रिकार्ड उन्हीं के नाम है,मगर इस दौरान जिस तरह से कार्यकर्ता उनकी बाजू बनकर पूरी ताकत से उन्हें आगे बढ़ाया वह इसे भूल नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि टिकट मिलने के साथ अगली जिम्मेदारियों का अहसास भी हो रहा है और इससे पहले चुनावी गतिविधियों के साथ 50 दिन का संघर्ष होगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी आज देश ही नहीं दुनिया की जरूरत बन गए हैं। आज देश 11 वें से पांचवें नंबर पर पहुंच चुका है,लोगों को अंदाजा नहीं है कि कौन दिन रात इस काम में जुटा है। आज चंडीगढ़ नहीं पूरे देश ने तय कर लिया है कि मोदी जी को फिर एक मौका देने जा रहे हैं। मैं चंडीगढ़ और अपने कार्यकर्ता के लिए जीवन भर काम करूंगा यह मेरा संकल्प है।उन्होंने चंडीगढ़ से प्रत्याशी बनाए जाने पर मोदी,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा और गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि प्रत्याशी कौन होगा,यह इंतजार आज समाप्त हुआ है। प्रत्याशी के नाम की घोषणा के साथ वह क्षण आ गया है। उन्होंने मुस्कुराहट बिखेरते हुए कहा कि चलो संजय जी का मोक्ष हो गया,क्योंकि पिछले दो बार से उनकी बारी नहीं आई थी,लेकिन वह एक निष्ठावान पार्टी कार्यकर्ता के रुप में लगे रहे।स्थानीय नेता चंडीगढ़ से उम्मीदवार बनाना चाहिए यह विचार चल रहा था और खुशी की बात यह है कि आलाकमान ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए टिकट का फैसला लिया है। वैसे सब जानते हैं कि जनता ने तय कर लिया है,तीसरी बार मोदी को ही पीएम बनाना है और कमल को ही लोकसभा में भेजना है।

रूपाणी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता जानते हैं कि व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश,हम सब देश के लिए काम कर रहे हैं और पिछले दस वर्षों से देश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है और मोदी ने पूरी दुनिया में भारत को सम्मान दिलाया है।अब एक बार फिर जनता को तय करना है कि देश किसके हाथ में सुरक्षित है, पूरी दुनिया में भारत को कैसे प्रतिष्ठित हो,इसका फैसला इस लोकसभा चुनाव में होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बने,यह विश्वास जनता को है,मगर कार्यकर्ता को भी पूरे जी जान से मेहनत कर संजय टंडन को रिकार्ड मतों से विजयी बनाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें