Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

UPSC Toppers List 2023: UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी, लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव बने टॉपर, देखें पूरी लिस्ट

April 16, 2024

UPSC Toppers List 2023: UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी, लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव बने टॉपर, देखें पूरी लिस्ट

UPSC Toppers List 2023: नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा ली जाने वाली देश की सबसे बड़ी सिविल सर्विस परीक्षा का फाइनल रिजल्ट आ गया है। सिविल सर्विस परीक्षा में इस साल आदित्य श्रीवास्तव ने टॉप किया है। उन्होंने इस परीक्षा में पहली रैंक हासिल की है। दूसरे नंबर पर अनिमेश प्रधान हैं। टॉप 3 में तीसरा स्थान डोनुरु अनन्या रेड्डी ने हासिल किया है

यूपीएससी की इन परीक्षाओं में कुल 180 उम्मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चुने गए हैं। वहीं, 200 उम्मीदवार इंडियन पुलिस सर्विस यानी आईपीएस के लिए चुने गए हैं। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के लिए 37 उम्मीदवारों का चयन हुआ है।

इन परीक्षाओं के माध्यम से 613 उम्मीदवारों का चयन केंद्र सरकार के विभिन्न ग्रेड ए पदों पर हुआ है। 113 उम्मीदवार ग्रेड बी पद के लिए चुने गए हैं। सिविल सर्विस के लिए ली जाने वाली यूपीएससी परीक्षा के तीन चरण होते हैं, प्रीलिम्स, मेन्स और पर्सनालिटी टेस्ट (इंटरव्यू)।

यूपीएससी ने इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराते हुए बताया कि परीक्षा के इस वर्ष इंटरव्यू का समापन 9 अप्रैल 2024 को हुआ था। आईएएस के लिए इंटरव्यू 4 जनवरी को शुरू हुए थे और 9 अप्रैल तक इंटरव्यू चले।

यूपीएससी के मुताबिक अलग-अलग चरणों में आयोजित किए गए इंटरव्यू में कुल 2,800 से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। इस पूरी प्रक्रिया के उपरांत सिविल सर्विस (आईएएस, आईएफएस, आईपीएस व अन्य केंद्रीय पद) पर चयनित हुए उम्मीदवारों के नाम व रोल नंबर उनकी रैंक के हिसाब से जारी किए गए हैं।

यूपीएससी ने इस वर्ष आईएएस, आईएफएस, आईपीएस व अन्य केंद्रीय सेवाओं में ग्रुप ए और ग्रुप बी के 1,105 पदों पर रिक्तियों को भरने के लिए परीक्षा आयोजित की थी।

यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा बीते साल 28 मई को आयोजित की गई थी। प्रीलिम्स में कामयाब होने वाले उम्मीदवार अगले राउंड की परीक्षा में शामिल हुए थे। दूसरे राउंड की परीक्षाएं यूपीएससी ने 15, 16, 17, 23 और 24 सितंबर 2023 को दो शिफ्ट में आयोजित की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें