Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

UPSC Toppers List 2023: हर चुनौतियों को मात देकर बुलंदशहर के मजदूर का बेटा बना आईएएस

April 18, 2024

UPSC Toppers List 2023: हर चुनौतियों को मात देकर बुलंदशहर के मजदूर का बेटा बना आईएएस

बुलंदशहर। बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर का रहने वाला मजदूर मुकेश के बेटे पवन ने आईएएस बन कर अपने गांव का ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद बुलंदशहर का नाम रोशन कर दिया है। पवन के परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। आसपास के क्षेत्र के लोग बधाई देने पहुंच रहे हैं। बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर का रहने वाला पवन बहुत ही गरीब परिवार से ताल्लुक रखता है। पवन के पिताजी मुकेश ने मजदूरी कर अपने बेटे को बड़ी मुश्किल से पढ़ाया है। पवन की 3 बहनें हैं और वह अकेला भाई है।

पवन के पिताजी ने कहा- लड़के ने शुरू से ही काफी मेहनत की
पवन के पिताजी के पास मात्र 4 बीघा जमीन है, लेकिन फिर भी पवन के पिताजी मुकेश ने मजदूरी कर अपने बेटे को पहले प्राथमिक शिक्षा गांव के ही स्कूल से दिलाई, उसके बाद बुलंदशहर के जवाहर नवोदय विद्यालय बुकलाना में पढ़ाकर 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण कराई। मुकेश का कहना है कि लड़के ने शुरू से ही काफी मेहनत की। पैसा नहीं था, लेकिन पवन की पढ़ाई की लग्न को देखते हुए हिम्मत नहीं हारी। उसे पढ़ाने के लिए उसकी बहन और परिवार के लोग उसका उत्साहवर्धन करते रहे। पढ़ाई करने के लिए जब पवन को मोबाइल की जरूरत पड़ी तो उनके पिताजी और बहनों ने मेहनत मजदूरी कर 3200 रुपए का एक एंड्रॉयड पुराना मोबाइल फोन दिलाया, जिससे वह पढ़ाई करता था। पवन के घर पर छत नहीं है और वह एक छप्पर के नीचे पढ़कर आज यहां तक पहुंचा है।

घर में अभी भी चूल्हे पर पकता है खाना, उज्‍जवला योजना का मिला है गैस कनैक्शन, लेकिन सिलेंडर भरवाने का पैसा नहीं था
पवन के परिवार की हालत ऐसी है कि घर में अभी भी चूल्हा जलता है। हालांकि, पवन के पिताजी का कहना है कि उनके पास प्रधानमंत्री उज्‍जवला योजना का गैस कनैक्शन तो है। लेकिन, गैस के सिलैंडर भरवाने के लिए पैसे नहीं हैं। पवन के आईएएस बनने पर परिवार में खुशियां आ गई हैं। पवन के गांव में अब बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें