Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भतीजे के साथ स्कूटी पर जा रहे ट्रांसपोर्टर की हत्या, प्रतिद्वंद्वी ने पीछे से कमर पर मारी गोली

April 22, 2024

भतीजे के साथ स्कूटी पर जा रहे ट्रांसपोर्टर की हत्या, प्रतिद्वंद्वी ने पीछे से कमर पर मारी गोली

सोनीपत: गांव सबौली में कारोबार को लेकर एक ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले के दौरान ट्रांसपोर्टर का भतीजा बाल-बाल बच गया। चाचा-भतीजा स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली के नरेला स्थित होटल पर खाना लेने जा रहे थे। भतीजे के बयान पर पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रांसपोर्टर के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गांव सबौली निवासी हरीश ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उनके चाचा अमरजीत उर्फ मोनू ट्रांसपोर्ट का काम करते थे।

वह रविवार रात को अपने चाचा के साथ स्कूटी पर नरेला से खाना लेने जा रहे थे। जब वह सबौली-नरेला रोड पर गांव की फिरनी में पहुंचे तो इसी दौरान वहां एक कार खड़ी मिली। कार में गांव का गोलू व आशीष उर्फ बाली, झज्जर के गांव लडरावण का मुकेश उर्फ सीटू तथा सीटू का दोस्त बैठे थे। जब वह उनकी कार के पास से गुजरने लगे तो गोलू ने आवाज देकर उन्हें रुकवा लिया। गोलू भी उनके चाचा अमरजीत की तरह ट्रांसपोर्ट का काम करता है।


गोलू ने उन्हें रोकते ही उनके चाचा को कहा कि तू मेरे काम में ज्यादा दखल अंदाजी करता है। मैंने तुङो पहले भी समझाया था, तू अकेला ट्रांसपोर्टर बनना चाहता है। जिसके बाद कार में बैठे चारों युवक उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। साथ ही उन्हें धमकी देने लगे। हरीश का कहना है कि वह अपने चाचा को वहां से लेकर वापस मुड़कर आने लगा। इसी दौरान गोलू ने अपने दोस्त सीटू को कहा कि गोली मार दे। इस दौरान सीटू ने कार से नीचे उतर कर पिस्तौल से गोलियां चलानी शुरू कर दी। हरीश ने आरोप लगाया कि आरोपी ने तीन फायर किए। जिसमें एक गोली उनके कान के पास से गई लेकिन वह बाल-बाल बच गए।

एक गोली उनके चाचा की कमर के पास लगी जिससे उनके चाचा घायल हो गए। वह गांव के ही मोहित के साथ अपने चाचा को कार में लेकर बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में पहुंचे। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। वह उन्हें एक अन्य निजी अस्पताल में ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हरीश अपने चाचा के शव को लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कुंडली थाना पुलिस ने मामले में हरीश के बयान पर गोल, मुकेश उर्फ सीटू, आशीष उर्फ बाली व अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें