Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंपायर से बहस करना विराट कोहली को पड़ा भारी, बीसीसीआई ने ठोका जुर्माना

April 23, 2024

अंपायर से बहस करना विराट कोहली को पड़ा भारी, बीसीसीआई ने ठोका जुर्माना

कोलकाता: आरसीबी के बल्लेबाज विराट कोहली पर केकेआर के खिलाफ आईपीएल 2024 के 36वें मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

आईपीएल द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक कोहली पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगा है। फुलटॉस गेंद पर आउट दिए जाने के बाद कोहली ने अंपायर के फैसले पर नाराज़गी जाहिर की थी और बाउंड्री लाइन से बाहर आने के बाद भी काफी गुस्से में दिखे।

बीसीसीआई के बयान के मुताबिक कोहली को आर्टिकल 2.8 के लेवल 1 नियम तोड़ने का दोषी पाया गया है। कोहली ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए रेफरी द्वारा लगाए गए दंड को स्वीकार कर लिया। लेवल 1 के दोष के लिए मैच रेफरी का निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य होता है।

223 रनों का पीछा करते हुए कोहली 7 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए जहां तीसरे ओवर में हर्षित राणा की एक फुलटॉस गेंद पर उन्होंने हर्षित को ही कैच थमा दिया।

यह धीमी गति की गेंद थी जिसे देखने से लग रहा था कि यह बल्लेबाज़ की ओर गिर रही थी, लेकिन जब कोहली का गेंद से संपर्क हुआ तो यह उनकी कमर की ऊंचाई से ऊपर थी। हालांकि, कोहली क्रीज से थोड़ा आगे आ चुके थे।

टीवी अंपायर माइकल गॉफ़ ने देखा कि ऊंचाई के हिसाब से गेंद वैध है और नई हॉक-आई ट्रैकिंग तकनीक के मुताबिक गेंद मैदान से बल्लेबाज को 0.92 मीटर पर पास करती अगर वह क्रीज़ के अंदर होते।

कोहली की कमर की ऊंचाई 1.04 मीटर मापी गई है, जिसका मतलब है कि गेंद उनकी कमर के नीचे रहती अगर वह क्रीज पर होते, इस तरह यह एक वैध गेंद होती। कोहली इस फ़ैसले से नाराज़ थे और उन्होंने मैदानी अंपायरों और साथी खिलाड़ी फ़ाफ़ डु प्‍लेसी को अपनी नाराजगी जताई थी।

बेंगलुरु को आखिरी ओवर में जीतने के लिए 21 रन चाहिए थे। मिचेल स्टार्क के इस ओवर में कर्ण शर्मा ने चार बॉल में तीन छक्के लगाकर मैच को पूरी तरह से रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा कर दिया।

इस वक्त आरसीबी को जीत के लिए दो गेंद पर तीन रन चाहिए थे। लेकिन, ओवर की पांचवीं गेंद पर वे आउट हो गए। अब आखिरी गेंद पर आरसीबी को जीत के लिए तीन रन और स्कोर बराबर करने के लिए दो रन चाहिए थे। लॉकी फर्ग्यूसन ने कवर्स की दिशा में शॉट खेला। उन्होंने एक रन पूरा किया लेकिन दूसरा रन लेने से पहले रन आउट हो गए। इस तरह आरसीबी ने एक रन से रोमांचक मुकाबला गंवा दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें