Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

विल जैक्स ने गुजरात के खिलाफ अपनी मैच विनिंग पारी का श्रेय इस खिलाडी को दिया

April 30, 2024

विल जैक्स ने गुजरात के खिलाफ अपनी मैच विनिंग पारी का श्रेय इस खिलाडी को दिया

नई दिल्ली: आईपीएल के इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने 200 से अधिक के लक्ष्य का सबसे तेज सफल पीछा किया। इस दौरान टीम के लिए विल जैक्स ने शतकीय पारी खेली। अपनी इस पारी का श्रेय उन्होंने विराट कोहली को दिया।

जैक्स की सिर्फ 41 गेंदों पर नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत आरसीबी ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को 24 गेंद शेष रहते हुए 9 विकेट से हरा दिया।

उन्होंने आरसीबी को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने में मदद करने के लिए कोहली के साथ नाबाद 166 रन की साझेदारी भी की।

जैक्स ने आरसीबी टीम के साथी कैमरून ग्रीन से कहा, विराट ने मेरी पारी की पहली 15 गेंदों में मेरी काफी मदद की। जब मैं संघर्ष कर रहा था, उन्होंने मेरा साथ दिया। वह वास्तव में अच्छा था।

वह मुझे स्पिन खेलने के बारे में टिप्स दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वह राशिद को अच्छी तरह से पढ़ रहे थे। विराट के पास बहुत अनुभव है और उनके साथ बल्लेबाजी करना अद्भुत है। मैंने वहां बहुत कुछ सीखा और मैं काफी भाग्यशाली हूं।

लगातार छह मैच हारने के बाद आरसीबी पिछले दो मैचों में लगातार जीत के साथ पटरी पर लौटने में कामयाब रही।

विल जैक्स ने कहा, हम 1 रन से हार गए थे और अब हमने लगातार दो मैच जीते हैं। हमारे पास अभी भी मौका है। हमने दिखाया है कि हम क्या कर सकते हैं।

जैक ने आखिरी दस गेंदों का सामना करते हुए छह छक्के और दो चौके लगाए, जिससे 41 गेंदों में उनका शतक पूरा किया।

विल जैक्स ने आतिशी बल्लेबाजी का जबरदस्त नजारा पेश करते हुए मात्र 41 गेंदों में 5 चौके और 10 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 100 रन ठोके जबकि विराट ने 44 गेंदों पर 6 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन बनाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें