Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM MANN ने गुजरात के भरूच में चैतर वसावा के लिए किया प्रचार

May 5, 2024

CM MANN ने गुजरात के भरूच में चैतर वसावा के लिए किया प्रचार

अहमदाबाद/चंडीगढ़/जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शनिवार को गुजरात के भरूच पहुंचे। वहां उन्होंने आप उम्मीदवार चैतर वसावा के लिए प्रचार किया। भगवंत सिंह मान ने वहां एक बड़ा रोड शो निकाला और वागरा, जंबूसार व करजन में लोगों को संबोधित किया। उन्हें सुनने के लिए हजारों लोग इकट्ठा हुए थे। भीड़ ने ‘गुजरात में फिर केजरीवाल’, ‘लड़ेंगे और जीतेंगे’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए। मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भरूच पर सबका ध्यान है कि यहां क्या होगा क्योंकि भरूच के लोग क्रांतिकारी हैं। उन्होंने कहा कि भरूच के लोगों ने उन्हें, अरविंद केजरीवाल और उनके उम्मीदवार चैतर वसावा को जो प्यार दिया है, उसका बदला वे कभी नहीं चुका सकते।

मान ने कहा कि चैतर भाई लोगों और उनके अधिकारों के लिए लड़ते हैं। वह आम लोगों के मुद्दों को हल करने के लिए लड़ रहे हैं। यही वजह थी कि भाजपा ने उन्हें और उनकी पत्नी को जेल में डाल दिया था। लेकिन वह अब बाहर हैं और एक बार फिर जो सही है उसके लिए लड़ रहे हैं। मान ने कहा कि उन्होंने (भाजपा) अरविंद केजरीवाल को झूठे मामले में गिरफ्तार किया। उन्होंने चुनाव से ठीक पहले केजरीवाल को जेल में डाल दिया क्योंकि वे उन्हें प्रचार करने से रोकना चाहते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा इतनी डरी हुई है कि उन्होंने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने विपक्षी दलों के खाते फ्रीज कर दिए। वे राज्यपाल के पद का इस्तेमाल अपने गंदी राजनीति के लिए कर रहे हैं जहां गैर-भाजपा सरकारें हैं।

मान ने कहा कि पंजाब के राज्यपाल पंजाब सरकार के कामों में भी बाधा डालते हैं। तमिलनाडु के राज्यपाल भी ऐसा ही करते हैं और ममता बनर्जी को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि भाजपा एक तानाशाही पार्टी है। मान ने कहा कि गैर-भाजपा राज्यों में वे विधायक खरीदते हैं और सरकारें गिराते हैं। लोकतंत्र में इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है! उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ का उदाहरण सबके सामने है। भाजपा ने अवैध तरीके से अपना मेयर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी के 8 वोटों को अमान्य कर दिया था, लेकिन फिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आम आदमी पार्टी का मेयर बना। उन्होंने कहा कि सूरत में भी ऐसा ही हुआ, कांग्रेस उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया और उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवारों को खरीद लिया और भाजपा उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया। जबकि संवैधानिक रूप से चुनाव होना चाहिए था क्योंकि अन्य उम्मीदवारों की अनुपस्थिति में भी नोटा है।

मान ने कहा कि पहले 2 राऊंड के रुझानों से भाजपा को झटका लगा है। अब वे 400 सीटों का दावा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन दोनों चरण आसानी से जीत रहा है। इसीलिए अब नरेंद्र मोदी और भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति का सहारा ले रहे हैं और मंगलसूत्र पर वोट मांग रहे हैं। मान ने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल को जेल में रख रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि वह भाजपा को मिटा देंगे। ‘हमने’ दिल्ली और पंजाब से भाजपा को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में सरकारी स्कूल और अस्पताल विश्वस्तरीय हैं। लोगों को 24़7 मुफ्त बिजली मिल रही है। ‘मैंने सिर्फ 2 साल में 43,000 सरकारी नौकरियां दीं। मान ने कहा कि जुमला पार्टी के विपरीत ‘हम’ जो वादा करते हैं उसे पूरा करते हैं।

मोदी पर तंज, कहा : जो बच्चा रेलवे स्टेशन पर चाय बेचता था, उसने अब देश बेच दिया!
कर्जन में मान ने भाजपा और नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक बच्चा जो दावा करता है कि वह रेलवे स्टेशन पर चाय बेचता था, उसने अब भारतीय रेलवे, बीएचईएल, एलआईसी, हवाई अड्डे और देश को बेच दिया है। मान ने कहा कि ‘हमें’ देश को इन लोगों के चंगुल से बचाना है जो ‘हमारे’ लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा हैं। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन पहले दो चरणों के मतदान में 110-120 सीटें जीत रहा है, जबकि भाजपा को केवल 40-50 सीटें ही मिल रही हैं। मान ने कहा कि इससे नरेंद्र मोदी के सुर बदल गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें