Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

राज्य में भारी बारिश और ओलावृष्टि ने बरपाया कहर, 7 मई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज

May 6, 2024

राज्य में भारी बारिश और ओलावृष्टि ने बरपाया कहर, 7 मई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज

इंफालः खराब मौसम की वजह से मणिपुर में सभी स्कूल और कॉलेज सात मई तक बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने सोमवार को यह घोषणा की हैं। एक अधिकारी ने कहा कि राज्य में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई जिसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। इस वजह से इंफाल पश्चिम जिले के कांचीपुर और तेरा तथा थौबल जिले सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।

शिक्षा निदेशालय ने रविवार देर रात एक आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया है कि आज (रविवार को) ओलावृष्टि के कारण राज्य भर में कई घरों और प्रतिष्ठानों को व्यापक नुकसान हुआ है तथा आगे भी ऐसी ही आशंका है। उसने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल 6 और 7 मई को बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, कि वर्तमान मौसम की स्थिति से उत्पन्न खतरों के खिलाफ एहतियाती उपाय के रूप में यह निर्णय लिया गया है। मैं सभी से ताजा जानकारी लेते रहने और घर के अंदर सुरक्षित रहने का आग्रह करता हूं। राज्य सरकार जीवन और संपत्तियों की रक्षा करने और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आवश्यक सभी कदम उठा रही है। रविवार को राज्य में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए। खासकर इंफाल घाटी में अधिक नुकसान हुआ है।

रविवार दोपहर को ककचिंग जिले के यांगडोंग में बारिश के दौरान बिजली गिरने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। हादसे के दौरान वह अपने सब्जी के खेत में था। वहीं, बिष्णुपुर जिले के नंबोल में बिजली गिरने से 53 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। राज्य सरकार ने जिला उपायुक्तों को अपने जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 5 मई से अगले 24 घंटे के लिए मणिपुर सहित चार उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें