Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2024, RCB vs DC, 62nd Match: दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराकर टॉप-5 में पहुंची RCB, प्लेऑफ की उम्मीदें कायम

May 13, 2024

IPL 2024, RCB vs DC, 62nd Match: दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराकर टॉप-5 में पहुंची RCB, प्लेऑफ की उम्मीदें कायम

IPL 2024, RCB vs DC, 62nd Match; आईपीएल 2024 के 17वें सीजन का 62वां मुक़ाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। रॉयल चैलेंजर्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो वाला है। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 187 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 140 रन पर सिमट गई।

दिल्ली Vs बेंगलुरु हेड-टु-हेड

कुल मैच: 31
दिल्ली जीता:11
बेंगलुरु जीता: 19
बेनतीजा: 1 लगातार पांचवीं जीत

आईपीएल 2024 के 62वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हरा दिया है। यह आरसीबी की लगातार पांचवीं जीत रही। टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। उसके 13 मैचों के बाद छह जीत और सात हार के साथ 12 अंक हैं। दिल्ली पर जीत के साथ टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलुरु को आखिरी मैच 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चिन्नास्वामी में ही खेलना है। इस मैच पर दोनों ही टीमों की किस्मत निर्भर होगी। चेन्नई की जीत पर आरसीबी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं, अगर बेंगलुरु जीतती है तो उसे अच्छें अंतर से जीत हासिल करनी होगी, ताकि नेट रन रेट चेन्नई से बेहतर हो सके। इसके बाद भी बेंगलुरु को अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।

बेंगलुरु-दिल्ली और लखनऊ तीनों के 12-12 अंक हैं। लखनऊ ने अभी तक 11 मैच ही खेला है और यह टीम 16 अंक तक पहुंच सकती है। वहीं, दिल्ली और बेंगलुरु के 13-13 मैच हो चुके हैं। इस हार से दिल्ली भी अब अधिकतम 14 अंक तक ही पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए उन्हें 14 मई को अपने होम ग्राउंड पर लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। कोलकाता की टीम 18 अंक लेकर पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। वहीं, राजस्थान 12 मैचों में 16 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। चेन्नई के 13 मैचों के बाद 14 अंक हैं, जबकि सनराइजर्स की टीम 12 मैचों में 14 अंक लेकर चौथे स्थान पर है।

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 187 रन बनाए थे। रजत पाटीदार ने 32 गेंद में 52 रन और विल जैक्स ने 29 गेंद में 41 रन की पारी खेली थी। विराट कोहली ने 27 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 19.1 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। ऋषभ पंत की जगह मैच में कप्तानी कर रहे अक्षर पटेल ने 39 गेंद में 57 रन बनाए। यश दयाल ने तीन और लोकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट झटके।

बेंगलुरु ने 187 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए यह करो या मरो वाला मैच है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उन्हें दिल्ली को 187 से कम स्कोर पर रोकना होगा। हालांकि, चिन्नास्वामी में लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं है। बेंगलुरु के लिए कैमरन ग्रीन 24 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रजत पाटीदार ने 52 रन और विल जैक्स ने 41 रन की पारी खेली। 

बेंगलुरु की पारी:-
पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कप्तान फाफ डुप्लेसिस एक बार फिर खराब फॉर्म में दिखे। वह छह रन बनाकर मुकेश कुमार का शिकार बने। इसके बाद विराट ने ईशांत शर्मा की गेंद पर कुछ बड़े शॉट खेले, लेकिन भारत के इस दिग्गज गेंदबाज ने विराट को विकेटकीपर अभिषेक पोरेल के हाथों कैच कराकर बेंगलुरु को दूसरा झटका दिया। विराट 13 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद विल जैक्स ने रजत पाटीदार के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 88 रन की साझेदारी बनाई। इस साझेदारी को रसिख डार सलाम ने तोड़ा। रजत आईपीएल करियर का सातवां और इस सीजन का पांचवां अर्धशतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 32 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। वहीं, जैक्स अर्धशतक से चूक गए। वह 29 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए।

महिपाल लोमरोर (13), दिनेश कार्तिक (0) और स्वप्निल सिंह (0) कुछ खास नहीं कर सके। कर्ण शर्मा छह रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं, सिराज पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए। वह भी खाता नहीं खोल सके। कैमरन ग्रीन 24 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली की ओर से खलील अहमद और रसिख डार ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। 


दिल्ली-बेंगलुरु की प्लेइंग-11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विल जैक्स, रजत पाटीदार, महिपाल लोमरोर, कैमरन ग्रीन, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज, यश दयाल और लोकी फर्ग्यूसन.

इम्पैक्ट सब: अनुज रावत, सुयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार वैशाक, स्वप्निल सिंह और हिमांशु शर्मा.

दिल्ली कैपिटल्स: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), शाई होप, कुमार कुशाग्र, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), कुलदीप यादव, रसिक सलाम डार, मुकेश कुमार, ईशांत शर्मा और खलील अहमद.

इम्पैक्ट सब: डेविड वॉर्नर, प्रवीण दुबे, सुमित कुमार, रिक्की भुई और विक्की ओस्तवाल.

RCB 187/9 (20) RCB won by 47 runs

DC 140 (19.1)

PLAYER OF THE MATCH = Cameron Green

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें