Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

CRIME NEWS : वडाला चौक के बीचों-बीच बस से उतरे युवक को अज्ञात नकाबपोश ने मारी गोली

May 13, 2024

CRIME NEWS : वडाला चौक के बीचों-बीच बस से उतरे युवक को अज्ञात नकाबपोश ने मारी गोली

जालंधर। वडाला चौक के बीचों-बीच रविवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई जब एक बस से उतरे युवक को उसी बस में सवार युवक ने नीचे उतरते ही गोली मार दी और मौके से पैदल ही फरार हो गया। वहीं दिन- दिहाड़े युवक को इस तरह गोली मार देने से कहीं न कहीं पुलिस विभाग की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। हमलावर इतना बेखौफ था कि उसने वडाला चौक के निकट स्थित थाना भार्गव कैंप के पक्के नाके की भी परवाह नहीं की। जानकारी के अनुसार आज दोपहर वडाला चौक के निकट एक बस रुकी। उसमें से एक युवक पिछले दरवाजे से नीचे उतरा। उसके चंद सैकेंड बाद इस बस के आगे वाले दरवाजे से नीचे उतरे एक नकाबपोश युवक ने गोली मार दी जो उसकी पसलियों से होती हुई आर-पार हो गई।

वडाला चौक के निकट बस से उतरे युवक को गोली मारते हुए अज्ञात हमलावर तथा (दाएं) वारदात को अंजाम देने के बाद भागते हुए आरोपी सीसीटीवी में कैद।

गोली चलने के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। युवक को गोली मारने वाला नकाबपोश युवक पैदल ही मौके से भाग गया। हैरानी की बात है कि जिस जगह पर वारदात को अंजाम दिया गया उससे चंद कदमों की दूरी पर थाना भार्गव कैंप की पुलिस का पक्का नाका रहता है। ऐसे में बेखौफ हमलावर दिन-दिहाड़े अज्ञात व्यक्ति को गोली मार कर पैदल ही वहां से निकल गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना भार्गव कैंप की पुलिस टीम ने खून से लथपथ हालत में घायल युवक को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया जहां उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में थाना भार्गव कैंप के प्रभारी इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है जिसके चलते फिलहाल घायल युवक की पहचान भी नहीं हो पाई है।

पुलिस का सबसे पहले पुलिस के समक्ष यह चैलेंज है कि घायल युवक की पहचान करवाई जाए, उसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा कि वह कौन है, कहां का रहने वाला है और उस पर गोली किसने और क्यों चलाई है। इन सभी सवालों के जवाब घायल युवक के होश में आने के बाद ही मिल पाएंगे। फिलहाल कमिश्नरेट पुलिस की अलग-अलग टीमें मौका-ए-वारदात पर लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी हुई हैं। इसके अलावा टैक्निकल सैल मामले की जांच में जुटा हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें