Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 3 लोगों की हुई मौत

May 14, 2024

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 3 लोगों की हुई मौत

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की राजधानी मुजफ्फराबाद में अर्धसैनिक रेंजर्स के साथ झड़प के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर की गई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। मंगलवार को मीडिया में आई खबर में यह जानकारी दी गई है। पीओके में गेहूं के आटे की ऊंची कीमतों और बिजली के बढ़े हुए दामों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है।

‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, विवादित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए अर्धसैनिक रेंजर्स पर क्षेत्र से बाहर निकलते समय हमला हो गया। खबर में कहा गया है कि पांच ट्रकों समेत 19 वाहनों के काफिले ने खैबर पख्तूनख्वा की सीमा से लगे गांव ब्रारकोट से बाहर निकलने के बजाय कोहाला से क्षेत्र से बाहर निकलने का विकल्प चुना। खबर के अनुसार, जैसे ही काफिला “आक्रोशित माहौल” में मुजफ्फराबाद पहुंचा, शोरां दा नक्का गांव के पास उस पर पत्थरों से हमला किया गया, जिसका जवाब उन्होंने आंसू गैस और गोलीबारी से दिया।

इसमें आगे कहा गया है कि पश्चिमी बाईपास के रास्ते शहर में प्रवेश करने के बाद, रेंजर्स पर फिर से पथराव हुआ, जिसके चलते उन्हें आंसूगैस और गोलियों का इस्तेमाल करना पड़ा। गोलाबारी इतनी भीषण थी कि पूरा इलाका दहल उठा।खबर के अनुसार, 40 किलोग्राम आटे की सब्सिडी दर 3,100 पाकिस्तानी रुपये से कम करके 2,000 पाकिस्तानी रुपये कर दी गई है। खबर के अनुसार 100, 300 और 300 यूनिट से अधिक के लिए बिजली के दाम बढ़ाकर क्रमश: 3 रुपये, 5 रुपये और 6 रुपये प्रति यूनिट कर दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें