Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2024: गुजरात टाइटंस के बाहर होने से प्लेऑफ की दौड़ में बची छह टीमें, जाने किसका पलड़ा भारी?

May 14, 2024

IPL 2024: गुजरात टाइटंस के बाहर होने से प्लेऑफ की दौड़ में बची छह टीमें, जाने किसका पलड़ा भारी?

आईपीएल 2024 सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है और 13 मैचों के बाद 19 अंक लेकर शीर्ष पर बनी हुई है। केकेआर और गुजरात टाइटंस के बीच सोमवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और मैच में टॉस भी नहीं हो सका। बारिश के कारण इस मैच को रद्द किया गया जिससे दोनों टीमों ने एक-एक अंक बांटे। इस तरह गुजरात की टीम आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। अब पांच टीमें बची हैं जो प्लेऑफ के लिए दावेदारी पेश कर रही हैं।

केकेआर पहले ही शीर्ष-दो में अपनी जगह सुनिश्चित कर चुकी है, जबकि मौजूदा स्थिति में राजस्थान भी प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है। ऐसे में अब शेष दो स्थानों के लिए सीएसके, हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजाएंट्स के बीच मुकाबला रह गया है। मंगलवार को दिल्ली और लखनऊ के बीच मैच होना है और जो टीम जीतेगी वो प्लेऑफ की दौड़ में बनी रहेगी, जबकि हारने वाली टीम के लिए आगे के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे। दूसरी ओर, आरसीबी ने खराब शुरुआत से वापसी की है। लगातार छह मैच हारने वाली आरसीबी ने अपने पिछले पांच मैच जीते हैं और तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है। गत चैंपियन सीएसके भी 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर मौजूद है।

सीएसके का सामना अब आरसीबी से होना है। अगर इस मैच में सीएसके जीत दर्ज करने में सफल रही तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुल जाएंगे, जबकि हारने की स्थिति में सीएसके को भी अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। सीएसके का नेट रन रेट +0.528 है जो उसके लिए राहत की बात है। अगर टीम आरसीबी के खिलाफ बड़े अंतर से नहीं हारी तो उसे प्लेऑफ में पहुंचने में दिक्कत नहीं होगी। हैदराबाद की टीम के दो मैच शेष हैं और वह फिलहाल 14 अंक लेकर चौथे स्थान पर है। हैदराबाद का नेट रन रेट भी +0.406 है और अगर वह दोनों मैच जीतने में सफल रही तो आसानी ने प्लेऑफ में पहुंच जाएगी, लेकिन हारने की स्थिति में उसे भी अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें