Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूरी दुनिया जानती है कि मोदी सरकार बनाने जा रही है हैट्रिक : PM Modi

May 17, 2024

पूरी दुनिया जानती है कि मोदी सरकार बनाने जा रही है हैट्रिक : PM Modi

बाराबंकीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि उनकी सरकार हैट्रिक बनाने जा रही है और नई सरकार में उन्हें गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए बहुत सारे बड़े फैसले लेने हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज बाराबंकी के जैदपुर मार्ग पर बाराबंकी और मोहनलालगंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, कि चार जून बहुत दूर नहीं है। आज पूरा देश और पूरी दुनिया जानती है कि मोदी सरकार की हैट्रिक बनने जा रही है। नई सरकार में मुझे गरीबों, युवाओं, महिलाओं, किसानों के लिए बहुत सारे बड़े फैसले लेने हैं। इसलिए मैं बाराबंकी और मोहनलालगंज के लोगों से आशीर्वाद मांगने आया हूं। लोकसभा चुनाव के लिए सात चरण में मतदान के बाद चार जून को एक साथ मतगणना होगी।

उन्होंने कहा, कि ‘आज एक तरफ देशहित के लिए सर्मिपत भाजपा नीत राजग गठबंधन है, दूसरी तरफ देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन है।’’ मोदी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, यहां जो बबुआ जी यानी समाजवादी शहजादे हैं, अब उन्होंने एक नई बुआ की शरण ली है। उनकी ये नई बुआ बंगाल में हैं। अब उनकी बंगाल वाली बुआ जी ने ‘इंडिया’ गठबंधन वालों को कहा है कि मैं आपको बाहर से समर्थन दूंगी। प्रधानमंत्री का इशारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर था।

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, कि ‘इंडिया’ गठबंधन की एक और पार्टी ने अपनी सहयोगी दूसरी पार्टी से कह दिया है कि खबरदार अगर हमारे खिलाफ पंजाब में कुछ बोला। पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री पद को लेकर भी ये सब (विपक्षी नेता) ‘‘मुंगेरी लाल को भी पीछे छोड़ रहे हैं। इनके सपनों की इंतहा देखिए, कांग्रेस के एक नेता ने कहा दिया कि रायबरेली के लोग प्रधानमंत्री चुनेंगे। ये सुनते ही समाजवादी शहजादे का दिल ही टूट गया, बस आंसू नहीं निकले, लेकिन दिल के सारे अरमान बह गए।’’ मोदी ने कहा, आपको काम करने वाले और आपका भला करने वाले सांसद चाहिए, पांच साल मोदी को गाली देने वाले नहीं। इसके लिए आपके पास एक ही विकल्प है – कमल का फूल।

उन्होंने रैली में आए लोगों से कहा, कि ‘100 सीसी के इंजन से आप 1,000 सीसी की रफ्तार ले सकते हैं क्या? आपको विकास की तेज रफ्तार चाहिए तो वो सिर्फ दमदार सरकार ही दे सकती है..भाजपा सरकार ही दे सकती है।’’ भारतीय जनता पार्टी ने बाराबंकी में राजरानी रावत और मोहनलालगंज में कौशल किशोर को अपना उम्मीदवार बनाया है। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को बाराबंकी और मोहनलालगंज में मतदान होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें