Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश में चल रही ‘तानाशाही’ अस्वीकार्य है: CM केजरीवाल

May 17, 2024

देश में चल रही ‘तानाशाही’ अस्वीकार्य है: CM केजरीवाल

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर प्रहार करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि देश में कथित तौर पर चल रही ‘तानाशाही’ अस्वीकार्य है और देश ने पिछले 75 वर्षों में कभी ऐसा दौर नहीं देखा। केजरीवाल अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब इकाई के कार्यकर्ताओं और विधायकों सहित नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उनसे पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीट पर ‘आप’ की जीत सुनिश्चित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने को कहा। उन्होंने भाजपा पर सभी प्रतिद्वंद्वी पार्टी नेताओं को जेल में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश में जो तानाशाही चल रही है, वह स्वीकार्य नहीं है।

भारत ने पिछले 75 सालों में ऐसा दौर कभी नहीं देखा जब विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया हो।’’ उन्होंने भारत के हालात की तुलना रूस से करने की कोशिश भी की। केजरीवाल ने कहा, ‘‘रूस में व्लादिमीर पुतिन ने या तो सभी प्रतिद्वंद्वी नेताओं को जेल भेज दिया या उन्हें मरवा दिया और फिर चुनाव कराया तथा उन्हें 87 फीसदी वोट मिले। जब कोई विपक्ष नहीं होगा तो वोट आपको ही मिलेंगे।’’

आप संयोजक ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे जेल में डाल दिया, मनीष सिसोदिया (दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री) को जेल में डाल दिया गया, कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते से लेनदेन पर रोक लगा दी गई, तृणमूल कांग्रेस को परेशान किया जा रहा है, स्टालिन (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन) के मंत्रियों को जेल में डाल दिया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सबको जेल में डाल दो। तब केवल एक पार्टी और एक नेता बचेगा लेकिन लोकतंत्र नहीं बचेगा। हमें ऐसा नहीं होने देना है।’’ केजरीवाल बृहस्पतिवार को पंजाब आए थे। उन्होंने ‘आप’ के अमृतसर से उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल के समर्थन में रोड शो किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें