Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूरा ‘इंडी’ गठबंधन अपने परिवार के लिए राजनीति करता है: अमित शाह

May 19, 2024

पूरा ‘इंडी’ गठबंधन अपने परिवार के लिए राजनीति करता है: अमित शाह

प्रयागराज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा ‘इंडी’ गठबंधन अपने बेटे-बेटियों के लिए राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि लालू जी, सोनिया जी, उद्धव जी, स्टालिन अपने-अपने बेटों को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। जिले के यमुनापार मेजा तहसील के सोरांव पाती गांव में इलाहाबाद सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, जो लोग अपने बेटे-बेटियों के लिए राजनीति करते हैं क्या वे आपका भला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन कहता है कि उनकी सरकार आएगी तो वे अनुच्छेद 370 फिर से लागू करेंगे, तीन तलाक वापस लाएंगे, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) हटाएंगे और परमाणु हथियार नष्ट करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये ‘इंडी’ गठबंधन देश को आगे नहीं बढ़ा सकता।

गृह मंत्री ने कहा, ये कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकारों ने 70 साल तक राम मंदिर को अटकाए रखा। सपा सरकार ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं और हमारे रामभक्तों को मारने का काम किया। आपने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया। मोदी जी ने केस जीता, भूमि पूजन किया और 24 जनवरी को प्राणप्रतिष्ठा समारोह के साथ ‘जय श्री राम’ कह दिया। उन्होंने कहा कि जब ट्रस्ट (न्यास) ने इनको (विपक्षी दलों को) प्राणप्रतिष्ठा में शामिल होने का निमंत्रण भेजा तो वो लोग नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि सोनिया जी भी नहीं पहुंचीं, राहुल बाबा, अखिलेश और डिंपल भाभी भी नहीं पहुंचीं, ये इसलिए नहीं पहुंचे क्योंकि अपने वोटबैंक से डरते हैं, उनके वोटबैंक आप नहीं, बल्कि वे घुसपैठिए हैं।


शाह ने कहा कि मोदी जी ने अपने धर्म के सभी सांस्कृतिक केंद्रों को ऊर्जावान बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर रामभक्तों पर गोली चलाने वाले हैं तो दूसरी ओर राम मंदिर बनवाने वाले मोदी जी हैं, जनता को दोनों के बीच चुनाव करना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, 2017 में योगी जी की सरकार आई और उन्होंने चुन चुनकर माफियाओं को खत्म कर प्रदेश में सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश का भविष्य तय करने, देश को सुरक्षित करने, आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त करने, गरीबी को समाप्त करने और महान भारत की रचना करने का चुनाव है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें