Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

लैंडस्लाइड ने इस देश में मचाई तबाही…100 से अधिक लोगों की हुई मौत, शवों को ढूंढने में हाे रही मुश्किल

May 24, 2024

लैंडस्लाइड ने इस देश में मचाई तबाही…100 से अधिक लोगों की हुई मौत, शवों को ढूंढने में हाे रही मुश्किल

मेलबर्नः ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प (एबीसी) ने बताया है कि पापुआ न्यू गिनी के एक दूरदराज के इलाके में शुक्रवार को हुए भूस्खलन में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। रिपोर्ट के अनुसार भूस्खलन की घटना कथित तौर पर दक्षिण प्रशांत द्वीपीय देश की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में एंगा प्रांत के काओकलाम गांव में घटी। यह हादसा स्थानीय समयानुसार तड़के 3 बजे के करीब हुआ।

इस हादसे पर पोरगेरा वुमेन इन बिजनेस एसोसिएशन की अध्यक्ष एलिजाबेथ लारुमा ने कहा कि लैंडस्लाइड से कई घर ढह गए हैं। लारुमा के मुताबिक लैंडस्लाइड वाले स्थान पर कई पेड़-पौधे हैं, जो लैंडस्लाइड में ध्वस्त हो गए हैं। जिस वजह से वहां शवों को तेजी से ढूंढना मुश्किल हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार लैंडस्लाइड ने पोरगेरा शहर तक जाने वाले रास्ते को भी ब्लॉक कर दिया है, जहां एक बड़ी सोने की खदान मौजूद है। इस बीच अध्यक्ष एलिजाबेथ लारुमा ने पीएनजी सरकार और गैर-सरकारी संगठनों से क्षेत्र में तत्काल मदद प्रदान करने का ऐलान किया है।

बढ़ सकती हैं मृतकों की संख्या

इलाके के निवासियों का कहना है कि मृतकों की संख्या 100 से अधिक भी हो सकती है। हालांकि अधिकारियों ने इस आंकड़े की पुष्टि नहीं की है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्थानीय लोग भूस्खलन के बाद दबे हुए शवों को बाहर निकालते हुए देखे जा सकते हैं। पापुआ न्यू गिनी की सरकार और पुलिस ने इस घटना पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

इस देश में बोली जाती हैं 800 से ज्यादा भाषाएं

पापुआ न्यू गिनी एक विविधतापूर्ण विकासशील देश है, जहां 800 से ज्यादा भाषाएं बोली जाती हैं। यहां अधिकतर लोग खेती करके अपनी आजीविका कमाते हैं। पापुआ न्यू गिनी की जनसंख्या 1 करोड़ है। यह ऑस्ट्रेलिया के बाद सबसे अधिक आबादी वाला दक्षिण प्रशांत देश है। ऑस्ट्रेलिया की जनसंख्या 2 करोड़ 70 लाख है।

भूस्खलन से पहले महसूस किए गए थे भूकंप के झटके

भूस्खलन से पहले पापुआ न्यू गिनी भूकंप के झटके भी महसूस किए गए थे। भूकंप फिन्सचाफेन से 39 किलोमीटर नॉर्थवेस्ट में आया था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई थी। भारतीय समयानुसार पापुआ न्यू गिनी में यह भूकंप गुरुवार सुबह 9ः49 मिनट पर आया था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने भी पापुआ न्यू गिनी में भूकंप की पुष्टि की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें